Ajmer में पूर्व सरपंच समेत 4 लोगों को जिंदा जलाया, पहली पत्नी-बेटे पर हत्या का आरोप
RNE Ajmer.
राजस्थान के अजमेर जिले में पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी समेत चार लोगों को जिंदा जलाकर मारने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार यह कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित सामूहिक हत्या थी। मामले में पूर्व सरपंच की पहली पत्नी सुनीता और बेटी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बेटे को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया कि रामसिंह चौधरी अपनी पहली पत्नी को प्रताड़ित करता था। इसी से नाराज होकर बेटे ने मां और बहन के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। हत्या के बाद पूरे मामले को सड़क हादसा दिखाने के लिए शवों को स्कॉर्पियो में डालकर आग लगा दी गई।
यह वारदात बोराड़ा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुरा गांव में गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे हुई। घटना में पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी, उनकी मां पूसी देवी, पत्नी सुरज्ञान देवी और भांजी महिमा की मौत हुई। तीन शव जली हुई स्कॉर्पियो में मिले, जबकि सुरज्ञान देवी की अधजली लाश खेत में पड़ी मिली थी।

पुलिस को जांच में घर से खून के निशान, ईंटें, माचिस और डीजल के इस्तेमाल के सबूत मिले हैं। गाड़ी की सीटें फोल्ड मिलीं, जिससे हादसे की कहानी पर संदेह गहरा गया। पुलिस को यह भी शक हुआ कि यदि बीमार मां को अस्पताल ले जाया जा रहा था तो वाहन दूसरे रास्ते पर क्यों मिला।
अजमेर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाल ने कहा कि पुलिस शुरू से हत्या के एंगल पर जांच कर रही थी और अब कई महत्वपूर्ण साक्ष्य सामने आए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

