सबसे बड़ी ड्रग स्मगलिंग पकड़ी : Mundra Port के पास ₹1150 करोड़ की 115 किलो कोकेन जब्त
May 27, 2026, 17:26 IST
ICG-ATS का संयुक्त ऑपरेशन : संदिग्ध जहाज ‘MV यूरोप’ से समुद्र में फेंके गए बैग बरामद
RNE New Delhi.
भारतीय तट रक्षक (ICG) और ATS गुजरात ने समुद्री तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंद्रा एंकरेज क्षेत्र में करीब ₹1150 करोड़ कीमत की 115 किलोग्राम कोकेन जब्त की है। संयुक्त ऑपरेशन के दौरान संदिग्ध कंटेनर जहाज ‘MV यूरोप’ से समुद्र में फेंके गए बैग बरामद किए गए, जिनमें भारी मात्रा में कोकेन मिली। इसे हाल के वर्षों की बड़ी समुद्री ड्रग्स बरामदगी में माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार 25-26 मई की रात ATS गुजरात से मिली खुफिया सूचना के बाद भारतीय तट रक्षक की इंटरसेप्टर बोट्स को मुंद्रा क्षेत्र में तैनात किया गया। एजेंसियां संदिग्ध जहाज ‘MV यूरोप’ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए थीं।

इसी दौरान जहाज से कुछ बैग समुद्र में फेंके जाते दिखाई दिए।
सूचना मिलते ही ICG और ATS की संयुक्त टीम ने तत्काल समुद्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय के चलते टीम ने बैग बरामद कर लिए। जांच में इनमें 115 किलोग्राम कोकेन पाई गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹1150 करोड़ आंकी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि समुद्री मार्ग से नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बढ़ा रही हैं। प्रारंभिक जांच में अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है। एजेंसियां अब जहाज के क्रू, तस्करी नेटवर्क और इस खेप के संभावित गंतव्य को लेकर गहन जांच में जुटी हैं।

