Bikaner: कांग्रेस नेता- व्यापारी के घर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
Updated: Sep 10, 2025, 20:42 IST
RNE BIKANER .
कांग्रेस नेता धनपत चायल और व्यापारी सुखदेव चायल के घर ताबड़तोड़ फायरिंग से फैली दहशत के बीच लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इसकी जिम्मेदारी ली है।
हैरी बॉक्सर नाम के सोशल मीडिया अकाउंट से इसकी जिम्मेदारी लेते हुए चेतावनी दी गई है।
देखा जाए तो यह एक तरह से गैंगस्टर्स ने पुलिस और प्रशासन को खुली चुनौती दी है। वजह, चायल बंधुओं को पहले से ही धमकी मिली थी। उनसे 05 करोड़ रुपए रंगदारी मांगी गई थी। पुलिस ने हाल ही इसी से जुड़े मामले में हथियारों सहित दो लोगों को गिरफ्तार भी किया था।
दरअसल मंगलवार तड़के कांग्रेस नेता धनपत चायल और व्यापारी सुखदेव चायल के घर के बाहर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। गोलियों के शोर से आसपास का इलाका दहल उठा और लोग दहशत में आ गए।
इस वारदात की जिम्मेदारी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली। पोस्ट में उसने धमकी देते हुए लिखा, 'लाइन पर नहीं आया तो अब सीधे सीने पर गोली मारेंगे।' इस संदेश के बाद वारदात ने और गंभीर रूप ले लिया है।
गौरतलब है कि महज दो दिन पहले ही बीकानेर पुलिस ने अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया था। उसी समय यह आशंका जताई गई थी कि शहर में गैंगस्टर किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। गोलीबारी ने उस आशंका को सच साबित कर दिया।
पुलिस एक्शन में :
एडिशनल एसपी सौरभ तिवारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। बीकानेर एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने टीमें गठित कर दी हैं।