दलित नाबालिग अपहरण-मारपीट कांड: 48 घंटे में दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त कार जब्त
RNE Network.
जिले में दलित नाबालिग के अपहरण और उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने के चर्चित मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना हुआ था।
पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। दोनों मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। लगातार तकनीकी निगरानी, मुखबिर तंत्र और विभिन्न स्थानों पर दबिश के बाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक पुत्र वेद प्रकाश गुर्जर निवासी सुंदरपुर तथा सौरभ पुत्र राजपाल गुर्जर निवासी बदनपुर, थाना सदर हिण्डौन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सौरभ एक सरकारी विद्यालय में लिपिक के पद पर कार्यरत है।
जानकारी के अनुसार 28 जून को पीड़ित नाबालिग दुकान से काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसे रास्ते में रोककर जबरन कार में बैठा लिया और गुड़ला बांध के समीप जंगल क्षेत्र में ले गए। वहां उसके साथ लाठी-डंडों, लात-घूंसों से मारपीट की गई। आरोप है कि पीड़ित को जातिसूचक शब्दों से अपमानित भी किया गया और पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
पीड़ित की मां की रिपोर्ट पर मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पीड़ित ने मुख्य आरोपी की पहचान की, जिसके आधार पर पुलिस ने अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी। करौली, हिण्डौन, सूरौठ, गुड़ला और बदनपुरा सहित कई क्षेत्रों में लगातार दबिश दी गई।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी धौलपुर जिले के जंगल क्षेत्र में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी कार छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले, लेकिन करीब दो किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान भागते समय आरोपियों को मामूली चोटें भी आईं।
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को जब्त कर लिया है। बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर अपहरण और पीड़ित को छोड़ने वाले स्थानों की तस्दीक भी कराई गई।
पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

