Movie prime

हरिद्वार में हुए दोहरे हत्याकांड खुलासा, मंदिर की गद्दी को लेकर हुई थी दो साधुओं की हत्या

 

RNE Network.
 

उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित पथरी क्षेत्र के शिवगढ़ में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मंदिर की गद्दी के विवाद में दो साधुओं की निर्मम हत्या की गई थी। एसएसपी नवनीत सिंह के अनुसार, दो दिन पहले शिव मंदिर परिसर में साधु पारस गिरी और सेवा गिरी की हत्या कर उनके शव मंदिर परिसर में ही दफना दिए गए थे। पुलिस ने काठा पीर के जंगल से फरार चल रहे तीन आरोपित—अंकुर उर्फ अखिल गिरी, आशु और राममिलन को गिरफ्तार कर लिया है।

उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल एक पाठल और दो फावड़े भी बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि घटना वाली रात पारस गिरी ने सेवा गिरी को पगड़ी पहनाकर मंदिर की गद्दी का उत्तराधिकारी घोषित किया था। इसी बात से नाराज होकर चारों आरोपितों ने पहले मंदिर के सीसीटीवी कैमरे बंद किए और फिर सेवा गिरी की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद पारस गिरी पर भी हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया। हत्या के बाद दोनों शवों को गड्ढा खोदकर मंदिर परिसर में ही दफना दिया गया। 

आरोपितों ने मंदिर में मौजूद उत्तम झा को भी धमकाया, उसका मोबाइल और सिम तोड़ दिए और घटना छिपाने के लिए वहां से दूर चले जाने को कहा। फिलहाल पुलिस तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि चौथे फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FROM AROUND THE WEB