Movie prime

Bikaner Border पर 50 करोड़ की हेरोइन, 11 विदेशी पिस्टल, 100 कारतूस बरामद

 

Rudra News Express Bikaner.

भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे खाजूवाला क्षेत्र में बीकानेर पुलिस ने ड्रग्स और हथियारों की तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 करोड़ रुपये मूल्य की 10 किलोग्राम 999 मार्का अफगान हेरोइन, 11 विदेशी पिस्टल, 22 मैगजीन और 100 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

Operation Shockwave: 

IG ओमप्रकाश और SP मृणाल कच्छावा ने प्रेस से बातचीत में इस कार्रवाई का खुलासा किया।  पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई ऑपरेशन SHOCKWAVE के तहत की गई। खुफिया सूचना (HUMINT) के आधार पर पुलिस ने सीमा पार से ड्रोन के जरिए गिराई गई खेप को इंटरसेप्ट कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हेरोइन और हथियारों की यह खेप पंजाब भेजी जानी थी। पुलिस का कहना है कि खाजूवाला बॉर्डर क्षेत्र में यह अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी है।

जिगाना, ग्लॉक, 5 स्टार पिस्टल मिले:

बरामद हथियारों में 2 तुर्की निर्मित जिगाना पिस्टल, 4 ग्लॉक पिस्टल और 5 स्टार मार्क .30 बोर पिस्टल शामिल हैं। इनके साथ 22 मैगजीन और 100 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं।

पाली का वीरेन्द्र सिंह गिरफ्तार: 

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पाली जिले के जैतारण निवासी वीरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ राजस्थान और अन्य राज्यों में पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।

बीकानेर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सीमा पार से ड्रोन के जरिए होने वाली तस्करी पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

FROM AROUND THE WEB