Movie prime

Bikaner Kidnap Case: अपहृत युवक की इलाज के दौरान मौत

 

RNE Bikaner.

बीकानेर में एक युवक का अपहरण कर पिटाई करने के मामले ने दर्दनाक मोड़ ले लिया है। घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। मामला संगीन होने के बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं के साथ धरपकड़ की तैयारी तेज कर दी है।


मामला बीकानेर के देशनोक का है। यहां थाने से कुछ ही दूरी पर 29 नवम्बर की रात अशोक नामक युवक को बोलेरो कैंपर में आए  बदमाश अगवा कर ले गए और बुरी तरह पीटा। रातभर मारपीट के बाद सुबह युवक को बेहोशी की हालत में रोही में फेंक दिया और फरार हो गए। गंभीर घायल का 15 दिन PBM हॉस्पिटल में इलाज चला जहां मौत हो गई। 
 

इस संबंध लक्ष्मीनारायण सियाग निवासी पांचू ने देशनोक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका भाई अशोक सियाग देशनोक में शिवजी मंदिर के पास प्रसाद और नमकीन की दुकान करता है। उसकी दुकान पर नरसीराम, जगदीश गोदारा, ओमप्रकाश गोदारा, सीताराम, गोपाल और हरी सारण बोलेरो कैंपर में आए और अशोक पर हमला कर दिया। अशोक का अपहरण कर उसे जबरन अपने साथ ले गए।

रिपोर्ट में बताया की आरोपियों ने अशोक को पूरी रात बंधक बनाए रखा और उसे गोपाल सिराण की ढाणी, चिताणा गांव (नोखा) ले गए। वहां अशोक के साथ लोहे की रॉड, लाठियों और सरियों से बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
 

रातभर मारपीट के बाद सुबह करीब छह बजे आरोपियों ने अशोक को बेहोशी की हालत में चिताणा गांव की रोही में फेंक दिया और फरार हो गए। राहगीरों ने घायल अवस्था में पड़े अशोक को देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।
 

पुलिस ने अशोक को देशनोक अस्पताल पहुंचाया। होश में आने के बाद अशोक ने पुलिस को पूरी आपबीती बताई। इसके बाद से उसका इलाज चल रहा था, लेकिन करीब 15 दिन तक जिंदगी से जूझने के बाद रविवार शाम उसकी मौत हो गई।
 

 महिला गिरफ्तार :

देशनोक थानाधिकारी सुमन शेखावत के मुताबिक इस मामले में सुमन नाम की एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। एफआईआर में उसका नाम शामिल नहीं था, लेकिन जांच में उसके द्वारा हत्या की साजिश रचने की भूमिका सामने आई है। गिरफ्तार महिला को अदालत में पेश किया जाएगा। अपहरण और मारपीट में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

FROM AROUND THE WEB