Nagaur: मूंडवा के वेंकटेश मंदिर से 20 किलो चांदी चुराने वाला पूर्व पुजारी निकला
9000 किलोमीटर तक पीछा करते हुए पुलिस ने आरोपियों को ट्रेस किया
Updated: Mar 5, 2026, 21:59 IST
1500 सीसीटीवी फुटेज, 50 बस स्टैंड, 13 रेलवे स्टेशन, 03 एयरपोर्ट पर तलाश
मंदिर में 20 किलो चांदी की चोरी का खुलासा, पूर्व पुजारी सहित दो आरोपी गिरफ्तार
N.L.Kadel
RNE,Nagaur.
नागौर पुलिस ने मूंडवा स्थित वेंकटेश मंदिर में हुई करीब 20 किलो चांदी की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि इस चोरी का मुख्य आरोपी मंदिर का पूर्व पुजारी ही निकला। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए 17 दिनों तक देश के कई राज्यों में तलाश अभियान चलाया।

पुलिस के अनुसार 16 फरवरी 2026 की रात अज्ञात चोरों ने मूंडवा के वेंकटेश मंदिर में घुसकर चांदी के बर्तन, पूजा सामग्री और अन्य सामान चोरी कर लिया था। चोरी हुए सामान का कुल वजन लगभग 20 किलो बताया गया था। घटना की रिपोर्ट 17 फरवरी को मंदिर के व्यवस्थापक 75 वर्षीय जगदीश प्रसाद शर्मा ने मूंडवा थाने में दर्ज करवाई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर सेल और मूंडवा थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने करीब 1500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, 50 बस स्टैंड, 13 रेलवे स्टेशन और तीन एयरपोर्ट पर आरोपियों की तलाश की। पुलिस ने लगभग 9000 किलोमीटर तक पीछा करते हुए अंततः आरोपियों को ट्रेस कर लिया।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी हर्षकुमार द्विवेदी (37) निवासी कटनी, मध्यप्रदेश कुछ समय पहले वेंकटेश मंदिर में पुजारी के रूप में काम कर चुका था। मंदिर में रखी चांदी और अंदर प्रवेश के रास्तों की पूरी जानकारी होने के कारण उसने अपने साथी राहुल रजक (19) के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई।
दोनों आरोपी ट्रेन से मूंडवा पहुंचे और रात करीब 11 बजे मंदिर के पीछे की दीवार फांदकर अंदर घुसे। उन्होंने मंदिर के ताले तोड़कर चांदी के बर्तन और अन्य सामान चोरी कर लिया। इसके बाद एक पिकअप वाहन से मुख्य सड़क तक पहुंचे और बस व ट्रेन के जरिए कटनी लौट गए।
पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ दिए और अलग-अलग राज्यों में लगातार स्थान बदलते रहे। तकनीकी जांच और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने उनका पीछा करते हुए अंततः मध्यप्रदेश के कटनी से दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और चोरी किए गए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। इस कार्रवाई में मूंडवा थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

