Movie prime

Nagaur-Mundwa : वेंकटेश मंदिर में 50 लाख की चोरी, 20 किलो चांदी के बर्तन-ज्वेलरी पार

मंदिर के सीसीटीवी तोड़े, DVR ले गए, बाहर के CCTV में दिख रहे दो चोर, दानपात्र छत पर छोड़ भागे चोर
 
RNE Nagaur-Mundwa.
मारवाड़ के ‘तिरुपति’ के नाम से प्रसिद्ध वेंकटेश मंदिर में सोमवार रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश करीब 20 किलो चांदी के बर्तन, ज्वेलरी और शालिग्राम जी का सिंहासन चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 50 लाख रुपए आंकी गई है। पूरी घटना पास स्थित स्कूल के CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
विडियो देखने के लिए नीचे फोटो पर क्लिक करे :

कैमरे में दिख रहे वक्त के मुताबिक तीन चोर रात लगभग 11 बजे टूटी दीवार के रास्ते मंदिर परिसर में दाखिल हुए। मंदिर में घुसते ही उन्होंने अंदर लगे CCTV कैमरे तोड़ दिए और DVR भी साथ ले गए। रात को लगभग 12 बजे वे चोरी कर उसी रास्ते से निकल गए। हालांकि चोर दानपात्र भी उठाकर मंदिर की छत पर ले गए और तोड़ा, लेकिन उसमें रखी नकदी नहीं ले जा सके। अनुमान है कि पास के स्कूल में चौकीदार की आहट से वे भाग निकले।
पुजारी पहुंचे तो टूटे मिले ताले :
सुबह करीब 5:30 बजे पुजारी पूजा के लिए पहुंचे तो मंदिर के गेट के ताले टूटे मिले। सूचना मिलते ही मंदिर ट्रस्ट और प्रबंधन के लोग मौके पर पहुंचे। मूंडवा पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
डिप्टी एसपी हरिराम जाखड़ ने बताया कि मौके का निरीक्षण किया गया है। एएसपी आसाराम ने भी जांच की। फुटेज में तीन संदिग्ध दिख रहे हैं, जिनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मंदिर ट्रस्ट सदस्य पवन भट्टड़ ने चोरी गए सामान की जानकारी दी है। चोरी गए सभी सामान चांदी के थे। खास बात यह है कि मूर्तियों पर चढ़ी नकली ज्वेलरी को चोरों ने नहीं छुआ, जिससे अंदेशा है कि वारदात से पहले मंदिर की रेकी की गई थी।
इतना सामान चोरी: 
  • 5 किलो का चरणामृत बर्तन
  • 10 छोटे चरणामृत पात्र
  • 3 श्रीसटकोप
  • शालिग्राम जी का चांदी का सिंहासन
  • 3 दीया स्टैंड
  • 6 चम्मच
  • भगवान के गले का हार और थाल
इसे कहते हैं मारवाड़ का ‘तिरुपति’ :
करीब 95 वर्ष पहले स्थापित इस मंदिर में मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा दक्षिण भारत के गादीपति स्वामी अनन्ताचार्य महाराज ने की थी। यहां पूजा-अर्चना आंध्र प्रदेश स्थित तिरुपति बालाजी मंदिर की पद्धति से होती है। इसे मारवाड़ का ‘तिरुपति' कहते हैं। हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

FROM AROUND THE WEB