Rajasthan ATS की बड़ी कार्रवाई : ऑनलाइन धर्म परिवर्तन कर बबीता से बनी ‘खदीजा’, जैश-ए-मोहम्मद से संपर्क, राजस्थान ATS ने पकड़ा
RNE Jaipur.
राजस्थान एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने मिलिट्री इंटेलिजेंस के इनपुट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर से एक संदिग्ध महिला को गिरफ्तार किया है। बबीता धाकड़ उर्फ खदीजा पर पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े तत्वों के संपर्क में रहने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला ने कथित रूप से ऑनलाइन माध्यम से धर्म परिवर्तन किया था और बाद में अपना नाम बदलकर खदीजा रख लिया। सुरक्षा एजेंसियों को उसके डिजिटल नेटवर्क और विदेशी संपर्कों को लेकर गंभीर इनपुट मिले थे, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
जैश नेटवर्क से जुड़े संपर्कों की जांच :
सूत्रों के अनुसार जांच में महिला के पाकिस्तान स्थित कुछ संदिग्ध हैंडलर्स और जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े व्यक्तियों के संपर्क में होने के संकेत मिले हैं। कुछ रिपोर्टों में संगठन के शीर्ष नेटवर्क से जुड़े लोगों के नाम भी सामने आए हैं, हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने अभी आधिकारिक रूप से इनकी पुष्टि नहीं की है।
ATS यह पता लगाने में जुटी है कि संपर्क केवल सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म तक सीमित थे या फिर महिला को किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा बनाने की तैयारी की जा रही थी।
डिजिटल सामग्री खंगाल रही एजेंसियां :
महिला के कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य डिजिटल सामग्री बरामद की गई है। जांच एजेंसियां चैट रिकॉर्ड, सोशल मीडिया गतिविधियों, कॉल डिटेल और विदेशी नंबरों से हुए संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं।
प्रारंभिक जांच में कथित रूप से प्रतिबंधित संगठनों से जुड़ी सामग्री, हथियारबंद लोगों की तस्वीरें और संदिग्ध डिजिटल दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई है।
पाकिस्तान भेजने की साजिश की आशंका :
सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसियों को ऐसे संकेत भी मिले हैं कि महिला को अवैध रास्तों से पाकिस्तान पहुंचाने की योजना बनाई जा रही थी। इस पहलू पर भी ATS और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां गहन जांच कर रही हैं। फिलहाल ATS महिला से पूछताछ कर रही है और उसके संपर्कों, आर्थिक लेन-देन, यात्रा इतिहास तथा संभावित नेटवर्क की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

