Tiger Shroff हमला: Mumbai Police का इनपुट, RPF ने ट्रेन को घेरा, कोटा पुलिस के साथ कोच में घुसे, दबोच लिए 03 हमलावर!
Rudra News Express Kota-Mumbai.
Kota Railway Station सोमवार सुबह जो कुछ हुआ वह फिल्मों में दिखाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय खुफिया एजेंसियों के सीक्रेट मिशन जैसा रहा। Mumbai Police का एक इनपुट आया।
RPF कोटा ने सादा वर्दी वालों से प्लेटफॉर्म घेर लिया। पुणे-जयपुर एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म पर पहुंची। बीसियों जोड़ी आँखों में ऐसे इशारे हुए जो आस-पास खड़ा कोई न देख पाया, न समझ पाया। Kota City Police ने स्टेशन पहले ही घेर लिया। फोर्स के सादा कपड़ों वाले तयशुदा लोग एक कोच में चढ़े। तीन युवकों को कब्जे किया और चुपचाप लेकर निकल गए।

कोच में मौजूद लोगों, स्टाफ सहित किसी को भनक भी नहीं लगी कि बीती शाम मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलियां चलाने वालों को कोटा रेलवे स्टेशन पर यूं दबोच लिया गया। थोड़ी देर बाद जब कोटा की SP तेजस्विनी गौतम ने पत्रकारों के सामने इसका खुलासा किया तो हड़कंप मच गया।
46मिनट : 9:30 बजे इनपुट, 10: 16 पर ऑपरेशन सक्सेस:
RPF अधिकारियों के मुताबिक 19 अक्टूबर की सुबह 9:30 बजे मुंबई क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त की ओर से आरपीएफ कोटा को सूचना मिली कि मामले के संदिग्ध ट्रेन से यात्रा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही विशेष टीम गठित की गई और कोटा सिटी पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया गया।

सुबह 10:16 बजे पुणे से जयपुर जा रही ट्रेन संख्या 12939 कोटा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची। इसके बाद आरपीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म तथा ट्रेन की दूसरी ओर से घेराबंदी की। तकनीकी सूचनाओं के आधार पर जनरल कोच में संदिग्धों की पहचान की गई और तीनों को हिरासत में ले लिया गया।
टीटी और स्टाफ ने भी संभाली जिम्मेदारी :
कार्रवाई के दौरान रेलवे के टिकट चेकिंग और वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने यात्रियों को सुरक्षित दूरी पर रखने तथा अनावश्यक आवाजाही नियंत्रित करने में सहयोग किया। आरपीएफ, कोटा सिटी पुलिस और रेलवे कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय के चलते तलाशी अभियान व्यवस्थित तरीके से पूरा हुआ। संदिग्धों को ट्रेन से आगे रवाना होने से पहले ही पकड़ लिया गया।

दो की पहचान उजागर, तीसरा नाबालिग :
पकड़े गए संदिग्धों में हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान उर्फ सुक्का (18) और बिहार निवासी ऋत्विक कुर्मी उर्फ रोशन फाइटर (22) शामिल हैं। ऋत्विक वर्तमान में मुंबई के अंधेरी वेस्ट में रहता है। तीसरा संदिग्ध नाबालिग है, जिसकी पहचान कानूनी प्रावधानों के तहत गोपनीय रखी गई है।

