पुराने 2 टन सिम कार्ड गलाकर निकाल लिया 191 ग्राम गोल्ड, चीन के शख्स का कारनामा, जान जाने का जोखिम
RNE Network.
चीन के गुआंगडोंग प्रान्त में रहने वाले कियाओ नामक एक प्रमाणित ई - वेस्ट रिसाइकिलर ने कूड़े में फेंके गए पुराने सिम कार्ड और इलेक्ट्रॉनिक कबाड़ से 191 ग्राम शुद्ध सोना निकालकर सबको चोंका दिया।
इसका वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, चीन के ऑनलाइन बाजारों में पुराने सिम कार्ड और रिफाइनिंग किट की मांग अचानक बढ़ गयी। कियाओ का कहना है कि वीडियो केवल शैक्षणिक उद्देश्य से साझा किया गया था, न कि आम लोगों को इसे घर पर आजमाने के लिए उकसाने के लिए।
उन्होंने बताया कि सोना निकालने के लिए करीब 2000 किलो इलेक्ट्रॉनिक कचरे को रसायनों से गलाकर प्रोसेस किया गया, जिसमें सिम कार्ड, बैंक कार्ड व टेलीकॉम उपकरणों के पुर्जे शामिल थे।
जान जाने का इसमें जोखिम है:
सिम की चिप आदि के कॉन्टेक्ट पॉइंट्स पर सोने की पतली परत होती है क्योंकि सोना बिजली का उत्कृष्ट सुचालक है। हालांकि एक सामान्य सिम कार्ड में 0.001 ग्राम से भी कम सोना होता है।
वहीं, इसकी रिफाइनिंग में निकलने वाली जहरीली गैसे जानलेवा हो सकती है। चीन - भारत जैसे देशों में बिना लाइसेंस ई - वेस्ट से कीमती धातुएं निकालना अपराध है, जिसकी सजा भारी जुर्माने से लेकर जेल तक हो सकती है।

