Lucknow के कोचिंग सेंटर में भीषण आग, कई जिंदा जले, बाथरूम में फंसे स्टूडेंट्स का दम घुटा, बड़ा हो सकता है मौतों का आंकड़ा
RNE LUCKNOW.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी संचालित इमारत में लगी भीषण आग ने पूरे शहर को झकझोर दिया। देखते ही देखते दो मंजिला इमारत धुएं और आग की लपटों से घिर गई।

जान बचाने के लिए कई छात्र-छात्राओं को ऊपरी मंजिलों से छलांग लगानी पड़ी, जबकि कुछ लोग आग से बचने के लिए बाथरूम और कमरों में छिप गए। बचाव टीमें अंदर फंसे लोगों के निकालने का प्रयास कर रही है। इस बीच लगातार कई शव भी बाहर लाए जा रहे है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 10 से अधिक स्टूडेंट्स की जान जा चुकी है। लगभग 15 लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपना दौरा छोड़ लखनऊ पहुंच रहे हैं।
छत पर ताला बना जानलेवा बाधा :
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि आग लगने के बाद कई छात्र छत की ओर भागे, लेकिन वहां लगा ताला उनकी राह में सबसे बड़ी बाधा बन गया। इसके बाद कुछ छात्रों ने जोखिम उठाकर नीचे छलांग लगाई। कई घायल छात्रों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

बाथरूम में छिपे छात्र :
राहत टीमों को जांच के दौरान पता चला कि कुछ छात्र आग और धुएं से बचने के लिए बाथरूम में घुस गए थे। इसी कारण शुरुआती घंटों में अंदर फंसे लोगों की सही संख्या का पता नहीं चल सका। फायरकर्मियों ने इमारत के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर पहुंचने का रास्ता बनाया।
डिप्टी सीएम मौके पर, मुख्यमंत्री लौटे लखनऊ :
घटना की गंभीरता को देखते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लिया और अपना कार्यक्रम बीच में छोड़कर लखनऊ लौटने की सूचना दी। KGMU ट्रॉमा सेंटर और बर्न यूनिट को हाई अलर्ट पर रखा गया।

