Movie prime

Agra : माता - पिता के सामने जिप लाइन से गिर से 16 वर्षीय बेटा, मौत

 
RNE Agra.
एडवेंचर और रोमांच के नाम पर बरती गई कथित लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। आगरा के ताजगंज स्थित चौपाटी पर जिप लाइन से गिरने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब किशोर करीब 45 फीट ऊंचाई पर बनी जिप लाइन एक्टिविटी का आनंद ले रहा था।
Agra
फिरोजाबाद निवासी चूड़ी कारोबारी पंकज अग्रवाल अपने परिवार के साथ आगरा घूमने आए थे। ताजमहल देखने के बाद परिवार बच्चों की जिद पर ताजगंज स्थित चौपाटी पहुंचा। यहां लगे एडवेंचर गेम्स को देखकर 16 वर्षीय कुनाल जिप लाइन पर जाने की जिद करने लगा। परिवार ने उसकी खुशी के लिए अनुमति दे दी।
करीब 120 मीटर लंबी और लगभग 45 फीट ऊंची जिप लाइन पर जैसे ही कुनाल आगे बढ़ा, अचानक उसकी सेफ्टी बेल्ट का हुक खुल गया। संतुलन बिगड़ने पर वह पहले लोहे की जाली से टकराया और फिर सीधे जमीन पर आ गिरा। गंभीर रूप से घायल किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि यह पूरा हादसा उसके माता-पिता की आंखों के सामने हुआ।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और जिप लाइन का संचालन तत्काल बंद करा दिया। चौपाटी मैनेजर और जिप लाइन संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अपर पुलिस उपायुक्त अपराध हिमांशु गौरव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों में लापरवाही की हर पहलू से पड़ताल की जाएगी।
यह हादसा एडवेंचर एक्टिविटीज में सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है। विशेषज्ञों का मानना है कि किसी भी एडवेंचर गेम से पहले सुरक्षा उपकरणों की पूरी जांच, प्रशिक्षित स्टाफ की मौजूदगी और सेफ्टी प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन बेहद जरूरी है। छोटी सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है।

FROM AROUND THE WEB