Atal Pension Yojana : केंद्र सरकार ने श्रमिकों को दिया तोहफा, बुढ़ापा सुरक्षित करने के लिए योजना को दी मंजूरी
श्रमिक 2031 तक अटल पेंशन योजना से जुड़ सकेंगे
देश के श्रमिकों को केंद्र सरकार की तरफ से बड़ी राहत दी है। केंद्र सरकार की तरफ से अटल पेंशन योजना को आगे भी जारी रखने का फैसला लिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट की बैठक में दो अहम निर्णय हुए।
बैठक में आठ करोड़ से अधिक श्रमिकों का बुढ़ापा सुरक्षित करने के लिए 2031 तक अटल पेंशन योजना को जारी रखने के साथ भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक को इक्विटी सहायता प्रदान करने की मंजूरी मिल गई। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अटल पेंशन योजना (एपीवाई) को जारी रखने और अंतर-निधि के लिए वित्तीय सहायता को 2030-31 तक बढ़ाने को स्वीकृति दी है।
सिडबी को 5,000 करोड़ की सहायता
एक अन्य फैसले में मंत्रिमंडल ने भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी) को 5,000 करोड़ रुपए की इक्विटी सहायता को मंजूरी दी है। इससे वित्तीय सहायता प्राप्त करने वाले एमएसएमई की संख्या बढ़कर वित्तीय वर्ष 2028 के अंत तक 102 लाख तक पहुंचने की उम्मीद है। वर्ष 2025 के अंत में इसकी संख्या 76.26 लाख है। सरकार का कहना है कि इस योजना से करीब 1.12 करोड़ नए रोजगार के अक्सर पैदा होंगे और छोटे उद्योगों को मजबूती मिलेगी।

