Fake Notes : टिकट काउंटर पर 500 का असली नोट ले नकली थमा रहा था बुकिंग क्लर्क, सस्पेंड
अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन की अनारक्षित टिकट सिस्टम (यूटीएस) के एक काउंटर पर नकली नोट का मामला सामने आया है
अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन की अनारक्षित टिकट सिस्टम (यूटीएस) के एक काउंटर पर नकली नोट का मामला सामने आया है। बुकिंग क्लर्क टिकट लेने वालों से 500 रुपये का नोट लेकर खुले रुपये न होने की बात कहकर वापस लौटा देता, लेकिन यह नोट नकली पाये गए। सोमवार की रात ऐसा एक नहीं, बल्कि तीन-चार यात्रियों के साथ हुआ।
मामला जब रेलवे के सीनियर डीसीएम नवीन कुमार झा तक पहुंचा तो बुकिंग क्लर्क को तत्काल ड्यूटी से हटा दिया गया और उसे सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए। मंगलवार सुबह इन्हीं नोटों को फिर से चेक किया गया और जब देखने में लगा कि यह नकली है तो राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को चिट्ठी लिख मामला दर्ज करने की सिफारिश की गई। अब एक ही रात में तीन से चार नकली नोट बुकिंग क्लर्क की ओर से यात्री को लौटाने के सामने आने के बाद बड़े खेल की ओर इशारा है। यह नकली नोट कहां से आ रहे हैं और इसके पीछे मास्टरमाइंड कौन हैं।
जीआरपी की जांच के बाद ये चेहरे बेनकाब हो पाएंगे। रेलवे ने जिन यात्रियों को नकली नोट लौटाए थे उनके नाम पता आदि जानकारी ले ली है। सोमवार देर रात को अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर पर प्रवासी लोग टिकट लेने के लिए लाइन में लगे थे। बताते हैं कि बुकिंग क्लर्क ने उनके द्वारा दिए गए 500 रुपये का नोट वापस दे दिया और खुले देने या फटे होने की बात सामने आ रही है। ऐसा एक यात्री के साथ नहीं,
बल्कि तीन से चार यात्रियों के साथ हुआ। इसके बाद यात्री शिकायत करने के लिए डिप्टी एसएस (कामर्शियल) के पास चले गए। तीन-चार नोटों को कब्जे में ले लिया गया और रात को ही जानकारी मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बुकिंग क्लर्क को रात को ही ड्यूटी से हटाकर सस्पेंड कर दिया गया। रेलवे के अधिकारियों ने यात्रियों के नाम, पते और उनके बयान दर्ज कर लिये हैं। मंगलवार को रिपोर्ट तैयार कर जीआरपी को भेज दी। हालांकि जीआरपी ने अभी मामला दर्ज नहीं किया।
चार नोट सामने आने की बात पता लगी है: सीनियर डीसीएम
सीनियर डीसीएम नवीन कुमार झा ने कहा कि 500-500 रुपये के नकली नोटों का मामला सामने आते ही बुकिंग क्लर्क को सस्पेंड कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि चार नोट सामने आने की बात आई है। जीआरपी को मामला दर्ज करके जांच करने के लिए कहा गया है ताकि इस मामले का पूरी तरह से पता चल सके।
जांच की जा रही : एसएचओ
एसएचओ जीआरपी ने कहा कि इस मामले में रेलवे की ओर से पत्र मिला है। मामले की जांच की जा रही। टीम काम कर रही है।
सबसे बड़ा सवाल नकली नोट कहां से आ रहे
एक समय होता था, जब प्रवासियों के 500-500 रुपये के नोटों को गिराकर बुकिंग क्लर्क कहते थे कि यात्री ने सौ रुपये ही दिए हैं। ऐसे में सीधा चार सौ रुपये की चपत यात्री को लगती थी। खासकर बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों के साथ इस तरह का खेल किया जाता था।

