Movie prime

चंडीगढ़ में नए क्रिकेट स्टेडियम के पास बनेगा कमर्शियल सिटी सेंटर, 213 एकड़ जमीन एक्वायर होगी 

 

क्रिकेट की चकाचौंध के बीच अब कारोबार की चमक भी जुड़ने वाली है। गमाडा ने न्यू चंडीगढ़ में महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (न्यू पीसीए स्टेडियम) के आसपास 213 एकड़ जमीन एक्वायर करके कमर्शियल सिटी सेंटर बनाने की प्लानिंग की है। इस इलाके को अब तक बड़े मैचों, चौड़ी सड़कों और हाई-राइज सोसाइटियों के लिए जाना जाता है।

अब यहां एक ऐसा बिजनेस हब खड़ा होने जा रहा है जो पूरे इलाके की तस्वीर बदल सकता है। चार गांवों की 213 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित यह मेगा प्लान सिर्फ दुकानों और दफ्तरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे भविष्य के सेल्फ-सस्टेन्ड टाउनशिप मॉडल के तौर पर देखा जा रहा है।

गमाडा के मुताबिक गांव तीड़ा की 155.88 एकड़, चाहर माजरा की 32.08 एकड़, बांसेपुर की 20.40 एकड़ और सांगला की 5.03 एकड़ जमीन एक्वायर की जाएगी। गमाडा ने जमीन एक्वायर को मंजूरी दे दी है। आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। गमाडा के अफसरों का कहना है कि प्रस्तावित सिटी सेंटर में रिटेल, ऑफिस स्पेस, मल्टीप्लेक्स, होटल और फूड जोन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे रेजिडेंट्स को सहूलियत मिलेगी। गमाडा जमीन मालिकों को कैश कंपनसेशन या लैंड पूलिंग पॉलिसी में से एक लेने का ऑप्शन देगा।

न्यू चंडीगढ़ में पिछले कुछ सालों में बड़े रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स, हाई राइज अपार्टमेंट और गेटेड सोसाइटियां विकसित हो चुकी हैं। क्रिकेट स्टेडियम के कारण इलाके की पहचान भी राष्ट्रीय स्तर पर बनी है, लेकिन अब तक यहां पूरी तरह से प्लान्ड और आधुनिक

कॉमर्शियल एरिया की कमी महसूस की जा रही थी। लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों और बड़े ब्रांड्स के लिए मोहाली या चंडीगढ़ आना पड़ता है। संगठित मार्केट इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी कंपनियों और लोगों दोनों के लिए चुनौती है।

मैच डे अब बनेगा फुल डे आउटिंग

अब क्रिकेट देखने आना सिर्फ कुछ घंटों का खेल नहीं रहेगा, पूरा दिन बिताने का अनुभव बन सकता है। स्टेडियम के आसपास प्रस्तावित व्यावसायिक हब तैयार होने पर दर्शकों को पार्किंग, रेस्टोरेंट, कैफे, ब्रांडेड स्टोर और इंटरटेनमेंट जोन जैसी सुविधाएं एक ही इलाके में मिल सकेंगी।

अभी हालात यह हैं कि मैच खत्म होते ही लोगों को खाने-पीने या घूमने के लिए ट्राईसिटी का रुख करना पड़ता है। कमर्शियल सिटी सेंटर बनने के बाद परिवार और युवा मैच से पहले या बाद में समय बिता सकेंगे। बाहर से आने वाले फैंस के लिए होटल और शॉपिंग की सुविधा पास में होने से उन्हें दूर नहीं जाना पड़ेगा। वहीं कारोबार भी बढ़ेगा और बड़े मैचों के दौरान पूरे इलाके में बढ़िया माहौल बनेगा।

मार्केट की कमी है

इलाके में कई रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट आने के बाद काफी लोग रहने लगे हैं, लेकिन मार्केट की कमी है। इसके अलावा न्यू पीसीए स्टेडियम में बाहर से मैच देखने आने वाले को पास में कुछ भी नहीं मिल पाता है। इस दिक्कत को देखते हुए कमर्शियल सिटी सेंटर प्लान किया जा रहा है। - रोहित जिंदल, लैंड एक्विजिशन ऑफिसर, गमाडा

FROM AROUND THE WEB