पुलिस ज्यादती के आरोपों की जांच करेगी कमेटी, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश करेंगे कमेटी की अध्यक्षता
RNE Network.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि वह कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की ज्यादती के आरोपों की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय कमेटी गठित करेगा। इस कमेटी की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के एक पूर्व न्यायाधीश करेंगे।
शीर्ष अदालत ने कहा कि समिति में एक पूर्व हाईकोर्ट के जज और एक रिटायर्ड पुलिस महानिदेशक भी सदस्य होंगे। इसके अलावा इस कमेटी में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ( सीबीआई ) के पूर्व निदेशक तथा अन्य सदस्य शामिल होंगे। समिति 20 जुलाई के प्रदर्शन के दौरान महिला प्रदर्शनकारियों को निशाना बनाए जाने के आरोपों की भी जांच करेगी।
चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और वी मोहना की बैंच ने कहा कि समिति में शामिल किए जाने वाले अन्य सदस्यों के बारे में अलग अलग पक्षों से सुझाव मिलने के बाद उसके गठन का आदेश आज बुधवार को जारी किया जायेगा।
शीर्ष अदालत ने यह भी कहा कि वह दिल्ली में 20 जुलाई के संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा के वीडियो फुटेज और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति को सौंपने का निर्देश देगी।
बेंच ने छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामले रद्द करने का विरोध कर रहे एक वकील से कहा, छात्रों का भविष्य दाव पर है। हमें इस पर विचार करना होगा। उनका पूरा भविष्य सामने है। उन्हें अनुच्छेद 19 के तहत प्रदर्शन करने का अधिकार है।

