Movie prime

Eminent Personalities Nominated to Rajya Sabha : 04 हस्तियां राज्यसभा के लिए मनोनीत, PM Modi ने दी बधाई!

 

RNE New Delhi.


राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने चार प्रमुख हस्तियों के राज्यसभा के किले मनोनीत किया है। इनमें ख्यातनाम वकील उज्ज्वल निकम, शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता सी. सदानंदन, राजनयिक, बुद्धिजीवी और रणनीतिक विचारक हर्षवर्धन श्रृंगला, विदुषी, शोधकर्ता और इतिहासकार डॉ. मीनाक्षी जैन शामिल हैं।
 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्वारा राज्यसभा के लिए मनोनीत किए गए चार विशिष्ट व्यक्तियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्‍स पर कई पोस्टों में प्रत्येक मनोनीत व्यक्ति के योगदान का उल्‍लेख किया। PM Modi की ओर से बताई गई विशेषताएं कुछ इस तरह है: 
 

उज्ज्वल निकम : 
 

उज्ज्वल निकम का कानूनी क्षेत्र और हमारे संविधान के प्रति समर्पण अनुकरणीय है। वह न केवल एक सफल वकील रहे हैं बल्कि महत्वपूर्ण मामलों में न्याय पाने के लिए भी अग्रणी रहे हैं। अपने पूरे कानूनी जीवन के दौरान, उन्होंने हमेशा संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने और आम नागरिकों के साथ हमेशा सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए काम किया है। यह खुशी की बात है कि भारत की राष्ट्रपति ने उन्हें राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। उनकी संसदीय पारी के लिए मेरी शुभकामनाएं।
 

सी. सदानंदन मास्टर : 
 

सी. सदानंदन मास्टर का जीवन साहस और अन्याय के आगे झुकने से इंकार का प्रतीक है। हिंसा और धमकी राष्ट्रीय विकास के प्रति उनके जज्बे को कम नहीं कर सकी। एक शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में भी उनके प्रयास सराहनीय हैं। युवा सशक्तिकरण के प्रति उनमें गहरी रुचि है। राष्ट्रपति जी द्वारा उन्हें राज्यसभा के लिए मनोनीत किए जाने पर बधाई। एक सांसद के रूप में उनकी भूमिका के लिए शुभकामनाएं।
 

हर्षवर्धन श्रृंगला : 
 

हर्षवर्धन श्रृंगला जी ने एक राजनयिक, बुद्धिजीवी और रणनीतिक विचारक के रूप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इन वर्षों में, उन्होंने भारत की विदेश नीति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और हमारी जी20 अध्यक्षता में भी योगदान दिया है। मुझे खुशी है कि उन्हें भारत की राष्ट्रपति द्वारा राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है। उनके अद्वितीय दृष्टिकोण संसदीय कार्यवाही को समृद्ध करेंगे।
 

डॉ. मीनाक्षी जैन : 
 

डॉ. मीनाक्षी जैन एक विदुषी, शोधकर्ता और इतिहासकार के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। शिक्षा, साहित्य, इतिहास और राजनीति विज्ञान के क्षेत्र में उनके कार्यों ने अकादमिक विमर्श को महत्वपूर्ण रूप से समृद्ध किया है। उनके संसदीय कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं।
 

ऐसे होता है राज्यसभा सदस्यों का चुनाव :
 

गौरतलब है कि राज्यसभा के सदस्यों का चुनाव अप्रत्यक्ष तरीके से होता है। विधानसभाओं (विधायकों) के चुने हुए सदस्य इन सदस्यों को चुनते हैं। किसी राज्य में राज्यसभा की जितनी सीटें खाली हैं, उन पर राज्य के विधायकों की संख्या के अनुसार वोट डाले जाते हैं। इस तरह राज्यसभा सदस्य चुने जाते हैं।
 

ऐसे होते हैं मनोनीत : 
 

राज्यसभा में 12 सदस्य ऐसे होते हैं जिन्हें जनता नहीं चुनती, बल्कि राष्ट्रपति नामित करते हैं। ये नाम सरकार राष्ट्रपति को सुझाती है और फिर राष्ट्रपति उन्हें मनोनीत करते हैं। इनका मकसद यह होता है कि संसद में हर क्षेत्र के जानकार लोग मौजूद हों ताकि कानून बनाने में उनका अनुभव और राय मदद कर सके।