राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने खानविलकर को राष्ट्रपति भवन में लोकपाल अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई
Mar 11, 2024, 12:19 IST
आरएनई,नेशनल ब्यूरो। सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश अजय माणिकराव खानविलकर अब नए लोकपाल अध्यक्ष होंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश अजय माणिकराव खानविलकर को राष्ट्रपति भवन में लोकपाल अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई।
न्यायमूर्ति खानविलकर (66) ने 13 मई, 2016 से 29 जुलाई, 2022 तक शीर्ष अदालत के न्यायाधीश के रूप में सेवा दी। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, राष्ट्रपति ने रविवार शाम को राष्ट्रपति भवन में एक समारोह के दौरान खानविलकर को लोकपाल अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई।
रिक्त पड़ा था पद न्यायमूर्ति खानविलकर को पिछले महीने लोकपाल अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था। 27 मई, 2022 को पिनाकी चंद्र घोष की सेवानिवृत्ति के बाद से यह पद रिक्त था। विधि आयोग के अध्यक्ष और कर्नाटक उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश ऋतुराज अवस्थी, हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश लिंगप्पा नारायण स्वामी और इलाहाबाद उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश संजय यादव को लोकपाल में न्यायिक सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया।






