प्रेमी के लिये टॉवर पर चढ़ी प्रेमिका, सैकड़ों लोग जुटे, पुलिस ने समझा कर उतारा
Updated: Jun 8, 2026, 16:27 IST
RNE Ranchi.
रील लाइफ यानी फिल्म की बात करें तो शोले फिल्म में धर्मेन्द्र (वीरू) का वह सीन बहुत चर्चित हुआ जिसमें वह प्रेमिका हेमा मालिनी (बसंती) के लिये पानी की टंकी पर चढ़ गया। कुछ ऐसा ही दृश्य रीयल लाइफ में देखने को मिला है लेकिन फर्क इतना है कि इस दृश्य में प्रेमिका यानी लड़की अपने प्रेमी के लिये मोबाइल टॉवर पर जा चढ़ी। सैकड़ों लोग जुट गए। पुलिस पहुंच गई और काफी मुश्किल से समझा-बुझाकर नीचे उतारा गया।

यह मामला पश्चिम चंपारण से सामने आया है। यहां एक युवती अपने प्रेमी की बेरुखी से इस कदर आहत हुई कि सीधे गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गई। देखते ही देखते पूरा गांव टावर के नीचे जमा हो गया और एक घंटे तक सांसें थामे लोगों की नजरें ऊपर टिकी रहीं।
घटना चौतरवा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव के पास की है। अचानक खबर फैली कि गांव की एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई है। कुछ ही मिनटों में वहां सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर युवती ऐसा क्यों कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती तेजी से टावर पर चढ़ती चली गई और काफी ऊंचाई पर जाकर बैठ गई। नीचे मौजूद लोग उसे समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह उतरने को तैयार नहीं थी।

प्रेम कहानी में आया नया मोड़
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवती की पहचान मौजे गांव निवासी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। मामला कथित तौर पर प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार कुछ समय पहले युवती और उसका प्रेमी घर से भाग गए थे और शादी कर ली थी। इस दौरान युवती के परिजनों ने युवक के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने दोनों को बरामद कर अदालत में पेश किया था। बाद में युवक को जमानत मिल गई।

बताया जा रहा है कि जमानत के बाद युवक मजदूरी के लिए दूसरे राज्य चला गया। इसी बात से नाराज युवती उसे वापस बुलाने और कार्रवाई की मांग को लेकर लगातार दबाव बना रही थी।
युवती की मांग थी कि पुलिस उसके प्रेमी को ढूंढकर वापस लाए। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस मामले में युवक को अदालत से जमानत मिल चुकी है, उसमें उसे दोबारा गिरफ्तार करना संभव नहीं है। पुलिस का कहना है कि युवती को सुरक्षित बचा लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पूरे मामले की जांच जारी है।

