Movie prime

Haridwar News : मेडिकल छात्राओं से भरी बस में CNG रिसाव, महिला पुलिस अधिकारी ने संभाला मोर्चा, टला बड़ा हादसा

 

 

RNE Haridwar.

 

उत्तराखंड के हरिद्वार में उस समय बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब मेडिकल छात्राओं को लेकर जा रही एक सीएनजी बस में अचानक गैस रिसाव शुरू हो गया। चलती बस के नीचे लगे दो सीएनजी सिलेंडर अपने स्थान से निकलकर टायरों में फंस गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चालक की सूझबूझ और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से बस में सवार सभी छात्राएं सुरक्षित बच गईं।

 

Haridwar

जानकारी के अनुसार, एक निजी मेडिकल कॉलेज की बस करीब 20 से 25 छात्राओं को लेकर भारत हैवी इलेक्ट्रिकल लिमिटेड (भेल) क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान बस के नीचे लगे दो सीएनजी सिलेंडर अचानक ढीले होकर निकल गए और टायरों में फंस गए। सिलेंडरों से गैस का रिसाव शुरू होते ही चालक ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया और सभी छात्राओं को सुरक्षित नीचे उतार दिया।

 

घटना की सूचना मिलते ही भेल की सुरक्षा एजेंसी सीआईएसएफ, स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एहतियात के तौर पर एचआरडीसी चौक के आसपास यातायात को डायवर्ट कर दिया गया ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।

Haridwar

इस दौरान संयोग से हरिद्वार की पुलिस अधीक्षक (क्राइम) निशा यादव भी उसी मार्ग से गुजर रही थीं। उन्होंने तुरंत मौके पर रुककर कमान संभाली और राहत एवं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। फायर ब्रिगेड की टीम ने लगातार पानी का छिड़काव कर गैस रिसाव के बीच आग लगने की किसी भी संभावना को खत्म करने का प्रयास किया।

काफी मशक्कत के बाद स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, चलती बस से सीएनजी सिलेंडरों का निकल जाना वाहन की फिटनेस और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। प्रशासन अब तकनीकी खराबी के कारणों की जांच कर रहा है।

FROM AROUND THE WEB