Movie prime

Heavy Rain : भारी वर्षा व भूस्खलन से अमरनाथ यात्रा स्थगित

पैदल मार्ग को ठीक करने का काम जारी, मौसम साफ रहा तो आज बहाल होगी यात्रा
 

श्री अमरनाथ यात्रा के बालटाल मार्ग पर भारी वर्षा के बीच हुए भूस्खलन से वीरवार को दोनों मार्गों से यात्रा स्थगित रखी गई। बालटाल मार्ग पर जेड मोड़ क्षेत्र में हुए भूस्खलन में फंसे करीब 3500 श्रद्धालुओं को सेना ने अभियान चलाकर सुरक्षित निकाल लिया और उन्हें विभिन्न शिविरों में ठहराया गया है। भूस्खलन से एक महिला श्रद्धालु की मौत और तीन यात्री घायल भी हुए हैं, हालांकि गांदरबल जिला के एसएसपी खलील पोसवाल ने इसकी पुष्टि नहीं की।

इधर, मौसम व यात्रा मार्ग की हालत को देखते हुए जम्मू से भी यात्रा को कश्मीर रवाना नहीं किया गया। हल्की वर्षा के बीच बालटाल मार्ग को ठीक करने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी रहा। इस वर्ष यह पहली बार है जब यात्रा स्थगित की गई है। मौसम साफ रहा तो शुक्रवार को दोनों मार्गों से यात्रा बहाल कर दी जाएगी। हालांकि मौसम विभाग ने 23 जुलाई तक हल्की से भारी वर्षा की चेतावनी दी है।

श्री अमरनाथ यात्रा मार्ग पर पिछले 36 घंटों से भी अधिक समय से रुक-रुक कर तो कभी तेज वर्षा का सिलसिला जारी है। बुधवार शाम को वर्षा के बीच यात्रा जारी थी। तभी शाम करीब 7:15 बजे बालटाल से करीब ढाई किलोमीटर दूर रेलपथरी और बरारिमार्ग के बीच जेड मोड़ क्षेत्र के पास भारी वर्षा के बीच पहाड़ से पत्थर व मलबा तेजी से नीचे आ गया और श्रद्धालु जहां-तहां फंस गए। इसके बाद सुरक्षा बल ने तुरंत राहत व बचाव अभियान शुरू किया। साथ ही प्रभावित क्षेत्र की ओर यात्रा को दोनों तरफ से रोक दिया गया।

भूस्खलन की जानकारी मिलते ही बरारिमार्ग में तैनात सेना की टुकड़ी ने बचाव और राहत अभियान शुरू किया। सेना के जवानों ने करीब 35,00 श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाल कर उन्हें चाय-पानी उपलब्ध करवाया। इनमें से करीब तीन हजार श्रद्धालुओं को बरारिमार्ग और जेड मोड़ के बीच विभिन्न लंगरों में ठहराया गया। सभी श्रद्धालु स्वस्थ हैं और यात्रा शिविरों में ठहरे हुए हैं।

कश्मीर के डिवीजनल कमिश्नर विजय कुमार विदूड़ी ने कहा कि श्री अमरनाथ यात्रा को वीरवार गुरुवार पहलगाम और बालटाल दोनों बेस कैंप से स्थगित रखा गया। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण दोनों मार्गों की मरम्मत का कार्य जारी है। हालांकि, जो यात्री पंजतरणी कैंप में रुके थे, उन्हें बीआरओ और माउंटेन रेस्क्यू टीमों की पर्याप्त तैनाती के साथ बालटाल की ओर जाने की अनुमति दी जा रही है। उम्मीद है कि मौसम साफ रहने पर यात्रा शुक्रवार को बहाल कर दी जाएगी।