कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड में लाखों लोगों ने किया सामूहिक गीता पाठ
RNE Network.
कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में रविवार दोपहर लाखों लोगों ने एक साथ गीता का पाठ किया। सनातन संस्कृति संसद नामक संस्था की ओर से इस सामूहिक गीता पाठ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस सामूहिक गीता पाठ के आयोजन का उद्देश्य आम लोगों तक सनातन धर्म की मूल भावना और गीता के सार्वभौमिक संदेशों को पहुंचाना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानन्द जी महाराज ने की। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मभूषण साध्वी ऋतम्भरा और बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी शामिल हुए। बंगाल के राज्यपाल डॉ सी वी आंनद बोस, केंद्रीय मंत्री सुकान्त मजूमदार, बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेन्दु अधिकारी सहित भाजपा के कई सांसद, विधायक व नेताओं ने उपस्थित होकर सामूहिक गीता पाठ में हिस्सा लिया।
5 लाख से ज्यादा लोग पहुंचे:
महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानन्द जी महाराज ने मंच से दावा किया कि बड़ी संख्या में साधु - संतों सहित पांच लाख से अधिक लोगों ने सामूहिक गीता पाठ में हिस्सा लिया। गीता के 1, 9 व 18 अध्याय का पाठ किया गया। गीता पाठ को लेकर पूरा ब्रिगेड मैदान भगवा झंडों से पटा नजर आया।

