Loksabha: हंगामे से प्रश्नकाल, शून्यकाल बाधित, कल तक कार्यवाही स्थगित
RNE New Delhi.
लोकसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन विपक्षी हंगामे से प्रश्नकाल और शून्यकाल बाधित रहे। लगातार हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित हुई और अब लोकसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सोमवार को लोकसभा में विपक्षी दलों के सांसदों के हंगामे के कारण प्रश्नकाल और शून्यकाल बाधित हुआ। हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही को भी दो बार स्थगित करना पड़ा। हंगामे के बीच ही आवश्यक कागजात सदन के पटल पर रखवाए गए। आज लोकसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी के बीच ही ‘केंद्रीय उत्पाद शुल्क (संशोधन) विधेयक, 2025’ और ‘स्वास्थ्य सुरक्षा से राष्ट्रीय सुरक्षा उपकर विधेयक, 2025’ पेश किया।
मणिपुर जीएसटी (दूसरा संशोधन) विधेयक भी आज सदन में पेश किया गया। विपक्षी दलों द्वारा हंगामा नहीं थमने पर सदन की कार्यवाही 12 बजकर 15 मिनट पर दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्षी सदस्यों से रचनात्मक भागीदारी निभाते हुए सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील भी की।
दो बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही मणिपुर जीएसटी (दूसरा संशोधन) विधेयक चर्चा के लिए लिया गया लेकिन हंगामे के कारण चर्चा नहीं हो सकी। हंगामे के बीच मणिपुर जीएसटी (दूसरा संशोधन) विधेयक पारित कर दिया गया और लोकसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

