Movie prime

Lucknow के कोचिंग सेंटर में भीषण आग, कई छात्रों ने छज्जे से कूदकर बचाई जान

 

 

RNE Lucknow

 

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में एक निजी कोचिंग संस्थान में भीषण आग लग गई। सेकेंड फ्लोर पर शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं और लपटों के बीच फंसे कई छात्रों ने जान बचाने के लिए छज्जों से छलांग लगा दी। राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि कई छात्र घायल हुए हैं।

 

Lucknow

घटना अलीगंज के पुरनिया क्षेत्र स्थित उषा मेहता मार्ग पर संचालित एक निजी कोचिंग संस्थान में हुई। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और इमारत से काला धुआं उठने लगा। उस समय कोचिंग में पढ़ाई चल रही थी और कई छात्र-छात्राएं अंदर मौजूद थे।

 

छत पर लगा था ताला, बढ़ी मुश्किल

प्रत्यक्षदर्शियों और कोचिंग में कार्यरत कर्मचारियों के अनुसार आग लगने के बाद छात्र सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के लिए छत की ओर भागे, लेकिन वहां लगा ताला उनकी राह में बड़ी बाधा बन गया। बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिलने पर कुछ छात्रों ने छज्जों से कूदकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों ने भी तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और छात्रों को सुरक्षित निकालने में मदद की।

Lucknow

दमकल की टीम ने पाया आग पर काबू

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया। अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। दमकल कर्मियों ने इमारत के भीतर पहुंचकर हर कमरे की तलाशी ली और सुनिश्चित किया कि कोई छात्र अंदर फंसा न रह जाए।

Lucknow

डिप्टी सीएम पहुंचे मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता बच्चों की सुरक्षा है और सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

KGMU ट्रॉमा सेंटर हाई अलर्ट पर

घटना की गंभीरता को देखते हुए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर और बर्न यूनिट को हाई अलर्ट पर रखा गया। मौके पर एंबुलेंस और मेडिकल टीमें तैनात रहीं तथा घायल छात्रों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

FROM AROUND THE WEB