New Special Vande Bharat Train : ऊधमपुर से हरियाणा होते हुए दिल्ली तक चलेगी नई स्पेशल वंदेभारत ट्रेन, इन 4 रेलवे स्टेशनों पर ठहराव
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक ओर नई वंदेभारत ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह वंदेभारत ट्रेन इंडिगो की फ्लाइट बार-बार रद होने के चलते यात्रियों को राहत देने के लिए शुरू की गई है। इस स्पेशल वंदे भारत ट्रेन का संचालन 12 दिसंबर से हो जाएगा।
जम्मू मंडल रेलवे ने कैप्टन तुषार महाजन ऊधमपुर से पंजाब, हरियाणा से होते हुए नई दिल्ली के बीच विशेष वंदे भारत ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। ट्रेन संख्या 02439-02440 का संचालन 12 से 14 दिसंबर के बीच किया जाएगा ताकि फंसे यात्रियों को सुरक्षित विकल्प मिल सके। ट्रेन 02439 नई दिल्ली से ऊधमपुर के लिए 3 ट्रिप 12 से 14 दिसंबर के बीच चलेगी।
जम्मू डिवीजन के सीनियर डीसीएम उचित सिंघल ने बताया कि यह ट्रेन नई दिल्ली से सुबह 6 बजे रवाना होकर दोपहर 2 बजे ऊधमपुर स्टेशन पहुंचेगी। ट्रेन अम्बाला कैंट, लुधियाना, पठानकोट कैंट, जम्मू तवी स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन 02440 ऊधमपुर से नई दिल्ली के लिए 3 ट्रिप 12 से 14 दिसंबर तक चलेगी। यह ट्रेन ऊधमपुर स्टेशन से दोपहर 3 बजे रवाना होकर रात 11 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। मार्ग में ट्रेन जम्मू तवी, पठानकोट कैंट, लुधियाना, अम्बाला कैंट स्टेशनों पर रुकेगी।
स्पेशल वंदे भारत 20 कोचों के साथ रवाना होगी। इस स्पेशल वंदेभारत ट्रेन के संचालन से हजारों यात्रियों को फायदा होने वाला है। फिलहाल यात्रियों को फ्लाइट नहीं मिल पा रही है। इसके कारण लोगों को अपने गतंव्य तक जाने के लिए काफी परेशानी हो रही है। दूसरी ट्रेनों में आरक्षित टिकट नहीं मिल पा रही है। ऐसे में लोगों को लंबा सफर तय करने के लिए दूसरे साधनों का प्रयोग करना पड़ रहा है, जोकि उनको काफी महंगा पड़ रहा है। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए उधमपुर से नई दिल्ली तक स्पेशल वंदे भारत ट्रेन चलाई है।

