Movie prime

Khatushyamji Shyam Mandir : अब खाटूश्यामजी श्याम मंदिर मार्ग पर नहीं लगेगा जाम, प्रशासन ने तैयार किया प्लान 

नगर पालिक की तरफ से 67 भवन मालिकों को नोटिस जारी कर दिया 
 

खाटूश्यामजी श्याम मंदिर में पूजा करने जाने वाले लोगों को जल्द ही जाम से राहत मिलने वाली है। खाटूश्यामजी श्याम मंदिर की तरफ जाने वाले मुख्य रास्ते को चौड़ा करने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जहां पर भवन मालिकों द्वारा किए गए कब्जे को हटाया जाएगा और इसके लिए नगर पालिक की तरफ से 67 भवन मालिकों को नोटिस जारी कर दिया है। अब इस रास्ते की चौड़ाई 40 फीट की जाएगी। नगरपालिका ने इस मार्ग पर स्थित भवनों पर निशान लगाते हुए भवन मालिकों को नोटिस दे दिया है। निर्धारित समयावधि में केवल 30 भवन मालिकों ने ही दस्तावेज जमा कराए, जबकि 37 ने कोई जवाब नहीं दिया।

प्रस्तावित मास्टर प्लान 2041 के तहत इस मार्ग को चौड़ा करने का प्रस्ताव है। इस रास्ते को 40 फीट चौड़ा किया जाना है। पूर्व में भी नगर पालिका ने 40 फीट चौड़ाई के आधार पर पट्टे जारी किए थे। जिन भवन मालिकों ने दस्तावेज नहीं दिए हैं, उन्हें मौके पर दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए अंतिम मौका दिया जा रहा है। अन्यथा संबंधित निर्माण को अतिक्रमण मानते हुए हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

दस्तावेजों की जांच के लिए समिति गठित

पालिका ने जो दस्तावेज प्राप्त किए हैं, उनकी वैधता की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित कर दी है। समिति की रिपोर्ट के आधार पर तय किया जाएगा कि कौनसा निर्माण वैध है और कौनसा अवैध। टीम ने जैन मंदिर मार्ग का भी नापजोख किया। मार्किंग और नापजोख की इस कार्रवाई के दौरान कनिष्ठ अभियंता संदीप चौधरी, एसआई वीरेन्द्र सिंह, लेखापाल विजयपाल सिंह बाजिया, दीनेश सैनी, अजय सिंह, जयपाल, सुमेर, तेजपाल सहित पालिका की टीम मौके पर मौजूद रही।

अतिक्रमण नहीं हटाने वालों पर होगी कार्रवाई 

नगर पालिका खाटूश्याम के ईओ देवेंद्र जिंदल ने कहा कि कलक्टर के निर्देश पर नापजोख और मार्किंग की कार्रवाई की गई है। मौके पर दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने वालों की जगह को अतिक्रमण मानकर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

FROM AROUND THE WEB