Movie prime

Patna News : पूजा सामग्री विसर्जन के दौरान गंगा में समाई कार, हैंडब्रेक लगाना भूले बुजुर्ग दंपत्ति

 
RNE Patna.
बिहार की राजधानी पटना के दीघा स्थित पाटीपुल घाट पर पूजा सामग्री विसर्जन के दौरान एक बुजुर्ग दंपत्ति की कार गंगा नदी में जा समाई। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह नदी में डूब गई।
जानकारी के अनुसार, बेगूसराय निवासी और शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त राम नरेश सिंह अपनी पत्नी के साथ पटना के शिवपुरी क्षेत्र में रहते हैं। घर में धार्मिक आयोजन के बाद दोनों पूजा सामग्री विसर्जन के लिए दीघा पाटीपुल घाट पहुंचे थे।
बताया गया कि घाट के ढलान पर कार खड़ी करते समय राम नरेश सिंह हैंडब्रेक लगाना भूल गए। जैसे ही वे पत्नी के साथ वाहन से नीचे उतरे, कार धीरे-धीरे पीछे की ओर खिसकने लगी और कुछ ही पलों में गंगा के गहरे पानी में समा गई।
घटना के समय घाट पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन मदद करने के बजाय कई लोग मोबाइल फोन से वीडियो बनाते नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा बेहद तेजी से हुआ और लोग तमाशबीन बने रहे।
हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी। गनीमत रही कि दंपत्ति समय रहते कार से बाहर निकल चुके थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

FROM AROUND THE WEB