Prayagraj Cold Storage Tragedy : कोल्ड स्टोरेज ढहा, 20 दबे, अमोनिया रिसाव से दहशत, 1 किमी तक फैली बदबू
RNE Prayagraj.
प्रयागराज के फाफामऊ इलाके में सोमवार दोपहर एक भीषण हादसा हो गया, जब एक कोल्ड स्टोरेज की बहुमंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के समय अंदर काम कर रहे करीब 20 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राहत एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। मलबा हटाने के लिए 5 जेसीबी मशीनों के साथ तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

घटना के दौरान कोल्ड स्टोरेज में उपयोग होने वाली अमोनिया गैस का रिसाव भी शुरू हो गया, जिससे हालात और बिगड़ गए। गैस की तीखी गंध करीब एक किलोमीटर तक फैल गई, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। स्थानीय लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर घरों से बाहर निकलते नजर आए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कोल्ड स्टोरेज में 100 से अधिक कर्मचारी कार्यरत थे, जिनमें से कई हादसे के वक्त अंदर मौजूद थे। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने लापरवाही की आशंका के चलते कोल्ड स्टोरेज के मैनेजर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को सील कर सुरक्षा बढ़ा दी है।
मनीष वर्मा, जिलाधिकारी, प्रयागराज ने लोगों से प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने और सतर्कता बरतने की अपील की है। उनका कहना है की राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है, प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित निकालना है।

