Movie prime

राहुल गांधी की कोर्ट में पेशी, ये है मामला

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में सांसद-विधायक अदालत में पेश हुए, अमित शाह के खिलाफ टिप्पणी का मामला!
 

RNE Network UP. 
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में सांसद-विधायक अदालत में पेश हुए। गांधी ने वर्ष 2018 में गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ अपनी टिप्पणियों से संबंधित मानहानि मामले में बयान दर्ज कराया। रायबरेली से लोकसभा सांसद राहुल गांधी को 9 मार्च को अगली सुनवाई में अपने बचाव में सबूत पेश करने को कहा गया है। इस बीच, अदालत में कांग्रेस नेता ने अपनी बेगुनाही का दावा किया।

यह मानहानि मामला 2018 का है। भाजपा के एक स्थानीय नेता ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप था कि 2018 के कर्नाटक चुनावों के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता ने तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। पिछले कुछ वर्षों से इस मामले की सुनवाई चल रही है।

जज को हाथ जोड़ अभिवादन, बोले-मामला झूठा : 

दरअसल Rahul Gandhi शुक्रवार को अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर की MP/MLA कोर्ट में पेश हुए। कोर्ट पहुंचने पर उन्होंने जज को हाथ जोड़कर प्रणाम किया। उनके वकील के अनुसार, राहुल गांधी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि मामला राजनीतिक दुर्भावना के तहत दर्ज कराया गया है। करीब 20 मिनट तक अदालत में मौजूद रहने के बाद वे बाहर निकले। मामले की अगली सुनवाई 9 मार्च को तय की गई है।

रामचेत मोची के घर पहुंचे

अदालत से निकलने के बाद राहुल गांधी रामचेत मोची की दुकान पर पहुंचे और उनके परिवार से मुलाकात की। उन्होंने रामचेत की पोती श्रद्धा को गोद में लिया। बच्ची के पैर में चोट देख उन्होंने परिवार से हालचाल पूछा। परिजनों ने बताया कि काफी इलाज के बावजूद चोट ठीक नहीं हो रही है। इस पर राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को निर्देश देते हुए बच्ची के बेहतर इलाज की व्यवस्था कराने को कहा।

गौरतलब है कि रामचेत मोची का 11 नवंबर 2025 को कैंसर और टीबी के कारण निधन हो गया था। इससे पहले राहुल गांधी ने उनके इलाज में सहयोग भी किया था। फिलहाल रामचेत का बेटा दुकान संभाल रहा है। राहुल गांधी की यह मुलाकात राजनीतिक कार्यक्रम के साथ-साथ मानवीय संवेदना से जुड़ी पहल के रूप में भी देखी जा रही है।

FROM AROUND THE WEB