RudraNewsExpress_Logo

राजस्थान: लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य हरि बॉक्सर अमेरिका में डिटेन,  भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू

राजस्थान का फरार हरिचन्द जाट अमेरिका में पकड़ा गया हैरी बॉक्सर, लॉरेंस का प्रमुख गुर्गा भारत लाया जाएगा
 

 

 

Rudra News Express New Delhi-Jaipur. 

गैंगस्टर लोरेंस बिश्नोई गैंग का खास फरार सदस्य हैरी बॉक्सर अमेरिका में पकड़ा गया। इसे अब भारत लाने की तैयारी हो रही है। हैरी बॉक्सर के नाम से कुख्यात यह गैंगस्टर राजस्थान का फरार हरिचन्द जाट है। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के चतरपुरा, तहसील नारायणपुर निवासी 40 वर्षीय हरिचंद जाट पर राजस्थान सहित कई राज्यों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, अवैध हथियार और संगठित अपराध सहित 22 से अधिक मामले दर्ज हैं। 

पुलिस के अनुसार हैरी बॉक्सर लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गिरोह के लिए हथियारों की आपूर्ति करने के साथ विदेश में रहकर आपराधिक गतिविधियों का संचालन करता था। वह राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में रंगदारी की धमकियों तथा फायरिंग की वारदातों में वांछित रहा है। बॉलीवुड निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर के बाहर फायरिंग करवाने के बाद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उसने इसकी जिम्मेदारी ली थी।

राजस्थान पुलिस लगातार कर रही थी वाच : 
राजस्थान पुलिस की एटीएस-एजीटीएफ ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के फरार सक्रिय सदस्य हरिचंद जाट उर्फ हरि बॉक्सर को अमेरिका में डिटेन करवाने में सफलता हासिल की है और उसे भारत लाने कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके प्रत्यर्पण के लिए सभी आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश तथा एडीजी एटीएस-एजीटीएफ-एएनटीएफ दिनेश एम.एन. के निर्देशन में हुई कार्रवाई के तहत अमेरिकी एजेंसी आईसीई ने हरि बॉक्सर को हिरासत में लिया है। 

यूं फरार हुआ, ऐसे पकड़ा गया : 

अप्रैल 2023 में विदेश फरार होने के बाद वह दुबई, डोमिनिकन रिपब्लिक, गुयाना और मैक्सिको के रास्ते अमेरिका पहुंचा और कैलिफोर्निया में रहने लगा। एजीटीएफ ने सीबीआई और इंटरपोल के माध्यम से विभिन्न देशों को 14 रेफरेंस भेजे तथा उसके विरुद्ध 14 नवंबर 2024 को इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया।

2025 में गुयाना में ट्रेस : 
पुलिस के अनुसार फरवरी 2025 में गुयाना में उसकी लोकेशन मिलने पर प्रोविजनल अरेस्ट रिक्वेस्ट भेजी गई, लेकिन वह वहां से मैक्सिको होते हुए अमेरिका पहुंच गया। इसके बाद एजीटीएफ ने उसकी लोकेशन और आपराधिक गतिविधियों से संबंधित सूचनाएं अमेरिकी एजेंसियों के साथ साझा कीं तथा 2026 में अपडेटेड ब्रीफ डोजियर और फिंगरप्रिंट भी भेजे। 

विदेशी नंबरों से ट्रेस करना काफी मुश्किल रहा : 
विदेशी नंबरों के तकनीकी विश्लेषण और खुफिया सूचनाओं के आधार पर की गई लगातार कार्रवाई के बाद आईसीई ने उसे डिटेन किया। इस कार्रवाई में उप महानिरीक्षक पुलिस एटीएस एवं इंटरपोल लाइजनिंग ऑफिसर राजस्थान योगेश यादव के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  सिद्धांत शर्मा के नेतृत्व में उप अधीक्षक पुलिस रविन्द्र प्रताप तथा पुलिस निरीक्षक सुनील जांगिड़, मनीष शर्मा एवं रामविलास विश्नोई की ऑपरेशनल टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 

इंटरपोल शाखा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरोत्तम लाल वर्मा के नेतृत्व में टीम ने सीबीआई के माध्यम से विभिन्न देशों को इंटरपोल रेफरेंस भेजने, रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाने तथा आवश्यक दस्तावेज एवं सूचनाएं उपलब्ध करवाने का कार्य किया।

राजस्थान पुलिस के अनुसार हरि बॉक्सर गिरोह के लिए हथियार उपलब्ध कराने और रंगदारी तथा फायरिंग जैसी वारदातों में अहम भूमिका निभाता था। उसे भारत लाने के लिए आवश्यक कानूनी और अंतरराष्ट्रीय समन्वय की प्रक्रिया जारी है।

FROM AROUND THE WEB