Romance in School : वीडियो वायरल, महिला और पुरुष शिक्षक सस्पेंड, दोनों शादीशुदा, दोनों के चल रही पारिवारिक कलह
RNE Network.
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के एक सरकारी प्राइमरी स्कूल में क्लासरूम के भीतर महिला और पुरुष शिक्षक के कथित आपत्तिजनक व्यवहार का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। मामला सामने आते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दोनों शिक्षक शादीशुदा हैं और उनके पारिवारिक विवाद पहले से अदालतों में लंबित बताए जा रहे हैं।
सौरिख ब्लॉक के बझेड़ी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक अवधेश पाल और एक महिला सहायक अध्यापिका का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो के आधार पर विभागीय जांच शुरू की गई और प्रथम दृष्टया मामला सही पाए जाने पर दोनों को निलंबित कर दिया गया।
पत्नी ने गुप्त कैमरा लगवाया :
आरोपी शिक्षक अवधेश पाल की पत्नी रंजना पाल ग्राम पंचायत अधिकारी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से उन्हें दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता रहा। उन्होंने वर्ष 2021 में दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था, जो अभी न्यायालय में विचाराधीन है। रंजना का दावा है कि उन्हें पति के स्कूल की महिला शिक्षक से संबंध होने की जानकारी मिली, जिसके बाद क्लासरूम में गुप्त कैमरा लगवाया गया। इसी कैमरे में दोनों की कथित आपत्तिजनक गतिविधियां रिकॉर्ड हुईं।
महिला शिक्षक के पति ने भी लगाए आरोप :
वीडियो में दिखाई दे रही महिला शिक्षक के पति ने भी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने मजदूरी कर पत्नी को पढ़ाया-लिखाया और बीएड-बीटीसी कराकर नौकरी दिलाई। नौकरी मिलने के बाद पत्नी ने उन पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया और कथित रूप से अवैध तमंचे के मामले में भी जेल भिजवा दिया। पति का यह भी आरोप है कि उनके दो बच्चे हैं, लेकिन पत्नी उन्हें बच्चों से मिलने नहीं देती। अब वीडियो सामने आने के बाद उन्हें कथित संबंधों की जानकारी मिली है।
दोनों परिवारों में पहले से चल रहा है विवाद :
जानकारी के अनुसार, दोनों शिक्षकों के वैवाहिक संबंध लंबे समय से तनावपूर्ण हैं। एक ओर अवधेश पाल और उनकी पत्नी के बीच दहेज उत्पीड़न का मामला अदालत में लंबित है, वहीं महिला शिक्षक और उनके पति के बीच भी कानूनी विवाद चल रहा है।

