Train Accident : मालगाड़ी के डिब्बे पलटे, पटरी टूटी, ट्रेनें डिस्टर्ब
Updated: Mar 8, 2026, 14:50 IST
RNE Network Katni (MP)
कटनी में एक मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतर जाने से बड़ा रेल हादसा हो गया। हादसे के कारण रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया और अप-डाउन दोनों लाइनों पर रेल यातायात प्रभावित हो गया।
जानकारी के अनुसार हादसा न्यू कटनी जंक्शन (एनकेजे) क्षेत्र के ए-केबिन के पास हुआ। कोयले से लदी मालगाड़ी के पांच डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए और एक-दूसरे पर चढ़ गए, जिससे ट्रैक को भी नुकसान पहुंचा।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यह मालगाड़ी बिलासपुर से वडोदरा की ओर जा रही थी। हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया।
रेलवे के एरिया मैनेजर रोहित सिंह ने बताया कि दुर्घटना के कारण दोनों लाइनों पर कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। ट्रैक की मरम्मत और डिरेल हुए डिब्बों को हटाने के लिए जबलपुर से विशेष तकनीकी टीम को भी बुलाया गया है।
फिलहाल रेलवे की टीम मौके पर युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी हुई है, ताकि जल्द से जल्द रेल यातायात को सामान्य किया जा सके।

