बाढ़ के पानी में समाईं दो बहनें: छोटी को बचाने कूदी बड़ी, दोनों की दर्दनाक मौत!
RNE Network Bihar.
बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के सिकटा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में बाढ़ के पानी में डूबने से दो मौसेरी बहनों की मौत हो गई। छोटी बहन को डूबता देख उसे बचाने के लिए बड़ी बहन ने नदी में छलांग लगा दी, लेकिन तेज बहाव और गहरे पानी के कारण दोनों की जान नहीं बच सकी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान हसनपुरा गांव निवासी अली हुसैन अंसारी की 18 वर्षीय पुत्री गुलशन खातून तथा चनपटिया थाना क्षेत्र के पुरैना गांव निवासी स्वर्गीय अरमान अंसारी की 12 वर्षीय पुत्री जिया फिरदौस के रूप में हुई है। जिया अपने मौसा सदा हुसैन के घर हसनपुरा में रह रही थी।
स्नान के दौरान हुआ हादसा :
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह दोनों बहनें सिकटा नदी के किनारे स्नान करने गई थीं। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण नदी उफान पर थी और बाढ़ का पानी आसपास के क्षेत्रों में फैल गया था। इसी दौरान जिया फिरदौस गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के लिए गुलशन खातून तुरंत पानी में कूद गई, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण दोनों बहनें डूब गईं।

ग्रामीणों ने निकाले शव :
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव पानी से बाहर निकाले गए। सूचना पर सिकटा थाना अध्यक्ष नितीश कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच), बेतिया भेज दिया।

गौरतलब है कि लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र के नदी-नाले, तालाब और गहरे गड्ढे पानी से लबालब भरे हुए हैं, जिससे डूबने की घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। इस हादसे के बाद पूरे हसनपुरा गांव में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश और बाढ़ के दौरान नदी, तालाब तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें और बच्चों पर विशेष निगरानी रखें, ताकि ऐसी दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

