अनूठा विरोध : महिला अफसर की टेबल पर बादाम बिखेर बोला-इसे खाओ, फाइल याद आ जाएगी!
RNE Network, Bilaspur.
सोशल मीडिया पर एक वीडियो न केवल तेजी से वायरल हो रहा है वरन इसे देखकर लोग रोमांचित हो रहे हैं। एक युवक ने वीडियो मंे कुछ ऐसा किया है कि देखने वाले कह रहे हैं, वाह विरोध करने और काम में टालमटोल करने वाले अधिकारियों को सबक सिखाने के लिए यह तरीका जोरदार है।
यह वीडियो बिलासपुर के तिफरा हाउसिंह बोर्ड कार्यालय का बताया जा रहा है। इसमंे एक युवक ऑफिस में पहुंचता है। महिला अधिकारी के सामने टेबल पर बादाम का लिफाफा खाली करता है। कहता है, इसे खाओ आपकी याददाश्त तेज होगी और मेरी जो फाइल एक साल से नहीं मिल रही है वह शायद मिल जाए।
अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक युवक का नाम तरुण साहू है। उसने लगभग एक साल पहले EWS कोटे का एक फ्लैट खरीदा था। उसके बाद रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन एक साल बीत जाने के बावजूद विभाग को फाइल नहीं मिल रही है। युवक ने कहा कि जब भी मैं ऑफिस आता हूं यहां बैठी मैडम हर बार यह कहती हैं कि फाइल नहीं मिल रही है।
तरुण साहू का कहना है, नामांतरण फाइल गुम होने की बात विभाग कर रहा है। बार-बार चक्कर लगाने के बावजूद कोई समाधान नहीं मिला तो 500 ग्राम बादाम लेकर ऑफिस पहुंचा था और अधिकारी के टेबल पर पटक दिए। इस दौरान युवक ने खुद वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर जारी कर दिया। इस दौरान युवक कहता है, 'फाइल एक साल से गुम है, शायद आपकी याददाश्त कमजोर हो गई है, इसलिए बादाम खाइए और फाइल ढूंढिए।' बताया जाता है कि वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया और फाइल मिल गई।

