America, Israel-Iran War : नागौर के युवक की मौत, ओमान के खासब पोर्ट पर खड़े जहाज पर गिरी मिसाइल, शव की तलाश
N. L. Kadel , RNE Nagaur.
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच राजस्थान के लिए दुखदायी खबर आई है। नागौर जिले के एक युवक की मिसाइल हमले में दर्दनाक मौत हो गई। इस युद्ध में किसी भारतीय नागरिक की यह पहली है।

अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक नागौर जिले के खींवताना गांव निवासी दलीप सिंह पुत्र कानसिंह एक क्रूड ऑयल/केमिकल टैंकर पर क्रू मेंबर के रूप में कार्यरत थे। एक मार्च की सुबह ओमान के खासब पोर्ट पर खड़े जहाज पर ईरान की ओर से दागी गई मिसाइल आकर गिरी, जिससे जहाज पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया जा रहा है कि हमले के समय दलीप शिप के अगले हिस्से में पायलट आशीष कुमार के साथ मौजूद थे। आशीष कुमार बिहार के रहने वाले थे, जिनका शव बरामद कर लिया गया है। वहीं, दलीप का शव अब तक नहीं मिल पाया है।
दो मौतों की पुष्टि :
हमले के बाद अधिकांश क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था, लेकिन कैप्टन आशीष सहित दो लोग लापता हो गए थे। तीन दिन की तलाश के बाद बुधवार सुबह शिपिंग कंपनी ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की, जिनमें दलीप सिंह भी शामिल हैं। यह जहाज स्काईलाइट कंपनी का बताया जा रहा है। कंपनी और सुरक्षा एजेंसियां पिछले तीन दिनों से दलीप के शव की तलाश में जुटी हुई हैं।
01 महीने पहले ड्यूटी जॉइन की थी :
दलीप के भाई देवेंद्र सिंह ने बताया कि दलीप ने 22 जनवरी 2026 को मर्चेंट नेवी में ड्यूटी जॉइन की थी। वे ऑयल/केमिकल टैंकर में क्रू मेंबर के रूप में कार्य कर रहे थे। परिजनों के अनुसार 28 फरवरी को दलीप की आखिरी बार परिवार से बातचीत हुई थी। उनके साथ नागौर जिले के बामणा गांव निवासी सुनील कुमार भी जहाज पर कार्यरत थे। बताया गया कि सुनील की ड्यूटी खत्म होने के बाद दलीप उनकी जगह शिफ्ट में पहुंचे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। परिजन सरकार से पार्थिव शरीर लाने और आर्थिक सहायता की मांग कर रहे हैं।

