West Bengal : TMC नेता के घर से हथियारों का जखीरा बरामद, STF-पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Jun 6, 2026, 19:44 IST
RNE Kolkata.
पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है। राज्य के संदेशखाली क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता गोपाल दास के घर पर की गई छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में अवैध हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई को पश्चिम बंगाल पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।

पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कार्रवाई का वीडियो साझा करते हुए पुलिस और STF की सराहना की। उन्होंने बताया कि कुमराखाली, बसंती और संदेशखाली क्षेत्र के सरबेरिया बाजार के आसपास कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई, जिसमें अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा जब्त किया गया।
शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान वर्षों तक ऐसे हथियार इकट्ठे किए गए, जिनका इस्तेमाल आम नागरिकों में भय का माहौल बनाने और विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने के लिए किया जाता था।
उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रशासन राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने तथा अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारी ने पश्चिम बंगाल पुलिस के महानिदेशक (DGP), STF और बशीरहाट पुलिस के बीच बेहतर समन्वय की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य से आपराधिक गतिविधियों और राजनीतिक हिंसा को पूरी तरह समाप्त करने के प्रयास जारी रहेंगे।

