सीबीएसई दसवीं की दूसरी बोर्ड परीक्षाएं आज से शुरू, 21 हजार विद्यार्थी होंगे शामिल
RNE Network.
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की दूसरी बोर्ड परीक्षाएं आज से शुरू हो गईं। जो 21 मई तक आयोजित की जाएंगी। अजमेर रीजन में राजस्थान के करीब 1300 स्कूलों के 21 हजार विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षाओं के लिए प्रदेशभर में 90 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा और पारदर्शिता के विशेष इंतजाम किए गए हैं। बोर्ड प्रशासन ने हाईटेक नकल और अनुचित गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए त्रिस्तरीय उड़नदस्तों का गठन किया है।
संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष ऑब्जर्वर भी नियुक्त किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरों से लैस हैं और उनकी निगरानी दिल्ली स्थित सीबीएसई मुख्यालय से की जाएगी। परीक्षाएं दो पारियों में आयोजित होंगी। मुख्य विषयों की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक तथा माइनर विषयों की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी।
गौरतलब है कि मुख्य परीक्षा में उत्तीर्ण और पात्र विद्यार्थी विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषा विषयों में से किसी भी तीन विषयों में अपनी प्रदर्शन सुधारने के लिए इस दूसरी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। बोर्ड अधिकारियों ने परीक्षार्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

