सीबीएसई की 10वीं ‘दूसरी बोर्ड परीक्षा’ 15–21 मई तक, अजमेर रीजन में 21 हजार छात्र होंगे शामिल
RNE Network.
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा 15 से 21 मई तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सफल और सुचारू संचालन के लिए बोर्ड और प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। जिसमें नकल रोकने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है। अजमेर रीजन में इस परीक्षा के लिए राजस्थान के करीब 1300 स्कूलों के लगभग 21 हजार विद्यार्थियों का पंजीकरण हुआ है। इनके लिए 90 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिन्हें सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है। इन केंद्रों की निगरानी सीधे दिल्ली स्थित मुख्यालय से की जाएगी।
साथ ही संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखते हुए वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है और उड़न दस्तों का गठन किया गया है। बोर्ड परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने बताया कि परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्य परीक्षा में उत्तीर्ण और पात्र छात्र विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषा विषयों में से किसी भी तीन विषयों में अपने प्रदर्शन को सुधारने के लिए इस दूसरी परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, तीन से अधिक विषयों में असफल रहने वाले विद्यार्थी इस परीक्षा के लिए पात्र नहीं होंगे। गौरतलब है कि इस वर्ष मुख्य परीक्षा में 98,207 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिसका परिणाम 15 अप्रैल को घोषित किया गया था। बोर्ड का उद्देश्य इस दूसरी परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने परिणाम में सुधार का अवसर प्रदान करना है।

