निजी स्कूलों की फीस, यूनिफॉर्म और किताब बिक्री पर नजर रहेगी, शिक्षा अधिकारियों को स्कूलों के नाम सहित लक्ष्य मिलेंगे
RNE Bikaner,
निजी स्कूलों में फीस , यूनिफॉर्म और किताबों की बिक्री सहित विभिन्न गतिविधियों पर अब शिक्षा विभाग सीधे नजर रखेगा। राज्य सरकार ने पहली बार निजी स्कूलों के नियमित ऑनलाइन निरीक्षण की व्यवस्था लागू की है।
इसके तहत राज शाला संबल ऐप के जरिये जिले के शिक्षा अधिकारी हर महीनें निजी स्कूलों का निरीक्षण करेंगे। इसके लिए शिक्षा अधिकारियों को स्कूलों के नाम सहित लक्ष्य भेजे जाएंगे। इस मामले में शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने निर्देश जारी किए हैं। निरीक्षण की मॉनिटरिंग राज्य स्तर से होगी।
ऑनलाइन निरीक्षण के दौरान अधिकारी जांचेंगे कि कहीं विद्यालय विद्यार्थियों या अभिभावकों को किसी विशेष दुकान से किताबें, यूनिफॉर्म, जूते और अन्य सामग्री खरीदने के लिए बाध्य तो नहीं कर रहे।
साथ ही राजस्थान विद्यालय फीस का विनियमन अधिनियम - 2016 की पालना, विद्यालय स्तर फीस समिति का गठन तथा उसकी बैठकों और पोर्टल पर आवश्यक सूचनाओं के अग्रसन की समीक्षा की जाएगी।

