स्कूलों में रिक्त पद भरने के लिए गेस्ट फैकल्टी की तैयारी, कलेक्टरों को जिम्मेदारी
RNE Bikaner.
प्रदेश के अनेक जिले ऐसे हैं जहां स्कूलों में शिक्षकों के पद रिक्त पड़े हैं। इस वजह से बच्चों का शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। अनेक जिलों में शिक्षकों की मांग को लेकर विद्यार्थी सड़कों पर उतर आए हैं।
इसका खमियाजा सरकार को स्थानीय निकाय व पंचायत चुनाव में उठाना पड़ सकता है। इसे देखते हुए सरकार ने शिक्षकों के रिक्त पद भरने के लिए गेस्ट फैकल्टी के रूप में शिक्षक नियुक्त करने का रास्ता निकाला है। इसके लिए जिला कलेक्टर को जिम्मेवारी सौंपी गई है।
वे जिला शिक्षा अधिकारियों से रिक्त पदों की जानकारी लेकर गेस्ट फैकल्टी का इंतजाम करेंगे। ये शिक्षक विद्या सम्बल योजना में लगाए जायेंगे। गेस्ट फैकल्टी में चयन के लिए प्रत्येक जिले में जिला स्तरीय समिति गठित होगी। समिति के अध्यक्ष जिला कलेक्टर या उनके द्वारा मनोनीत अधिकारी होंगे।
अलग अलग मानदेय : अतिथि शिक्षकों को ग्रेड के अनुसार मानदेय दिया जाएगा। व्याख्याता को 30 हजार, वरिष्ठ शिक्षक को 25 हजार, थर्ड ग्रेड शिक्षक को 21 हजार रुपये अधिकतम मासिक मानदेय दिया जायेगा। यह मानदेय प्रति घन्टे के हिसाब से दिया जायेगा। प्रयोगशाला सहायक और कम्प्यूटर अनुदेशक को 21 - 21 हजार रुपये का मानदेय दिया जायेगा।

