PTI Vacancy Rajasthan : शारीरिक शिक्षक के 900 से 1,000 पदों पर नियुक्तियां होगी, ऑनलाइन आवेदन जून के अंतिम सप्ताह से
RNE Jaipur.
राजस्थान में शारीरिक शिक्षा शिक्षक (PTI) भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) जल्द ही पीटीआई भर्ती-2026 का नोटिफिकेशन जारी करने जा रहा है। बोर्ड स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और इसी महीने भर्ती की विज्ञप्ति जारी होने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार भर्ती के तहत करीब 900 से 1,000 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जून के अंतिम सप्ताह से शुरू हो सकती है। वहीं बोर्ड के प्रस्तावित परीक्षा कैलेंडर के अनुसार लिखित परीक्षा 13 सितंबर 2026 को आयोजित किए जाने की संभावना है।
ये होगी शैक्षणिक योग्यता :
भर्ती में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से बी.पी.एड. (B.P.Ed.), डी.पी.एड. (D.P.Ed.) अथवा सी.पी.एड. (C.P.Ed.) की डिग्री या डिप्लोमा होना अनिवार्य होगा। विस्तृत पात्रता, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया की जानकारी आधिकारिक विज्ञप्ति जारी होने के बाद स्पष्ट होगी।
पद बढ़ाने की मांग तेज :
दूसरी ओर राज्यभर के पीटीआई अभ्यर्थी पदों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। विभिन्न संगठनों की ओर से सरकार और कर्मचारी चयन बोर्ड को ज्ञापन सौंपकर 1,000 पदों को बढ़ाकर 5,000 करने की मांग की जा रही है। अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकारी विद्यालयों में बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं, ऐसे में अधिक भर्ती निकाली जानी चाहिए।
आधिकारिक वेबसाइट पर रखें नजर :
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि भर्ती संबंधी किसी भी सूचना के लिए राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें। विज्ञप्ति जारी होने के बाद आवेदन की तिथि, शुल्क, सिलेबस और परीक्षा पैटर्न की विस्तृत जानकारी उपलब्ध होगी।

