राजस्थान : अर्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू होने के बाद टली, अब 25 नवंबर से! जानिए क्यों!
Rajasthan Education : कक्षा 01 से 8वीं तक की अर्धवार्षिक परीक्षाएं आज शुरू होने के बाद आदेश, अब 25 नवंबर से होंगे इम्तिहान!
Rudra News Express Bikaner.
राजस्थान के शिक्षा विभाग ने गुरुवार शाम अचानक आदेश जारी कर कक्षा एक से 08 तक की अर्धवार्षिक परीक्षाओं का शिड्यूल बदल दिया। यहाँ हैरानी की बात यह है की परीक्षाएं आज यानि 15 अक्टूबर से शुरू हो गई थी लेकिन अब नए शिड्यूल के मुताबिक 25 नवंबर से अर्धवार्षिक परीक्षाएं होगी। अब ये परीक्षाएं 25 नवंबर से 7 दिसंबर तक चलेगी।
पंचायती राज चुनाव की वजह से बदलाव :
दरअसल राजस्थान के माध्यमिक शिक्षा निदेशक ललित कुमार ने 15 अक्टूबर की देर शाम आदेश जारी कर परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन की जानकारी दी । आदेश में कहा गया है कि पंचायतीराज चुनाव के कारण कक्षा 1 से 8 तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं और CBA दक्षता आधारित आकलन प्रथम (SA-2) की तारीखें बदली गई हैं। अब ये परीक्षाएं 25 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक आयोजित होंगी। इससे पहले शिविरा पंचांग सत्र 2026-27 के अनुसार परीक्षाएं 15 से 29 अक्टूबर तक प्रस्तावित थीं।
चुनाव का परीक्षाओं पर ये असर :
दरअसल राजस्थान के लगभग हर गांव में पंचायती राज चुनाव होने जा रहा है। ये चुनाव चार चरणों में है। ज्यादातर पोलिंग बूथ स्कूलों में हैं। ऐसे में बूथ वाली स्कूलों को 20 अक्टूबर से पोलिंग के लिए हैंडओवर करना है। इन स्कूलों में परीक्षाएं नियमित रूप से कराना संभव नहीं है। इसी लिहाज से परीक्षाओं के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।
अब कक्षा 01 से 12 तक की परीक्षाएं एक साथ!
राजस्थान में शिक्षा विभाग कक्षा 01 से 08 तक की दक्षता आधारित आकलन परीक्षा करता है जबकि कक्षा 09 से 12 की समान परीक्षा होती है। ऐसे में पहले समान परीक्षा का कार्यक्रम यानि कक्षा 09 से 12 की परीक्षा के लिए 25 नवंबर से 07 दिसंबर तक का शिड्यूल जारी हुआ था। अब कक्षा एक से आठ तक की परीक्षाएं भी इसी अवधि में होना तय हुआ है। ऐसे में प्रदेशभर में पहली से 12 वीं तक की परीक्षाएं एक साथ होगी।

