RGPV: परीक्षा प्रकोष्ठ से गायब हुए 9 प्रश्नपत्र, हड़कंप; पुलिस जांच शुरू
RNE Bhopal.
मध्यप्रदेश के राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) में पीजी चौथे सेमेस्टर की बायोटेक्नोलॉजी परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले प्रश्नपत्र चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परीक्षा प्रकोष्ठ से नौ सीलबंद प्रश्नपत्रों के पैकेट गायब मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से परीक्षा स्थगित कर दी। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।
मामले की जानकारी मिलते ही कुलपति प्रो. आलोक शर्मा विश्वविद्यालय पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी साक्ष्य सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। परीक्षा प्रकोष्ठ की खिड़की टूटी हुई तथा दरवाजे का ताला क्षतिग्रस्त मिलने पर पुलिस को सूचना देकर एफआईआर दर्ज कराई गई।
कुलपति प्रो. आलोक शर्मा ने इसे सामान्य चोरी नहीं बल्कि विश्वविद्यालय और प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की सुनियोजित साजिश बताया। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया छात्रों की संलिप्तता की संभावना कम है, क्योंकि विद्यार्थी समय पर परीक्षा देकर अपना भविष्य सुरक्षित करना चाहते हैं। विश्वविद्यालय ने संबंधित विभागाध्यक्ष से स्पष्टीकरण मांगा है और पूरे मामले की जांच के लिए समिति गठित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
उधर भोपाल पुलिस ने परीक्षा नियंत्रक की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस परीक्षा प्रकोष्ठ से मिले फॉरेंसिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही चोरी और संभावित पेपर लीक की सच्चाई सामने आएगी।
इस बीच मध्यप्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

