डॉ. तेस्सीतोरी की 105वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि और शब्दांजलि आयोजित
Nov 22, 2024, 23:52 IST
- राजस्थान और इटली के सांस्कृतिक एवं साहित्यिक सेतु थे तेस्सीतोरी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) डॉ. दुलीचंद मीना थे। उन्होंने कहा कि तेस्सीतोरी राजस्थान और इटली के सांस्कृतिक एवं साहित्यिक सेतु थे। उन्होंने बीकानेर में पांच साल से अधिक समय तक रहकर चारण और जैन साहित्य पर भरपूर शोध कार्य किया। युवाओं को इससे सीख लेनी चाहिए।
सादुल राजस्थानी रिसर्च इंस्टीट्यूट के सचिव और मुख्य वक्ता राजेंद्र जोशी ने कहा कि संस्था द्वारा राजस्थानी के प्रोत्साहन के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. तेस्सीतोरी की पुण्यतिथि के अवसर पर डॉ. एल पी तेस्सीतोरी की जयंती पर तीन दिवसीय कार्यक्रम किए जाएंगे। उन्होंने संस्था की अन्य गतिविधियों के बारे में बताया। साथ ही तेस्सीतोरी के साहित्यिक अवदान पर प्रकाश डाला।
विशिष्ट अतिथि के रूप में बोलते हुए सहायक निदेशक (जनसंपर्क) हरि शंकर आचार्य ने कहा कि तेस्सीतोरी ने दुनिया में राजस्थानी का मान बढ़ाया। राजस्थानी को संविधान की आठवीं अनुसूची में मान्यता के सामूहिक प्रयास उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। अध्यक्षता करते हुए एन डी रंगा ने कहा कि राजस्थानी को जन-जन की भाषा बनाना जरूरी है। बच्चों को राजस्थानी से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने लिखित और वात साहित्य के बारे में बताया।
उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में बताया। इस दौरान अब्दुल शकूर सिसोदिया, एड. महेंद्र जैन, आत्मा राम भाटी, जुगल पुरोहित, शशांक जोशी, पुस्तकालयाध्यक्ष विमल शर्मा, राहुल जादूसंगत, इंद्र छंगाणी, डॉ. फारूक चौहान आदि ने तेस्सीतोरी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विचार रखे। ज्योति स्वामी ने आभार जताया। इससे पहले सभी ने तेस्सीतोरी की प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की।
शिक्षक नेता को दी श्रद्धांजलि, रखा दो मिनट का मौन कार्यक्रम के पश्चात शिक्षक नेता श्रवण पुरोहित के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान वक्ताओं ने शिक्षक हित में उनके योगदान के बारे में बताया। 
