हिट एंड रन में फंस गई फिल्म अभिनेत्री, पुलिस ने किया गिरफ्तार
हिट एंड रन में फिल्म अभिनेत्री को असम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनकी गाड़ी की टक्कर से 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। शुरुआत में जमानती धाराएं थी, लेकिन बाद में पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गैर जमानती धाराएं जोड़कर अभिनेत्री को गिरफ्तार कर लिया। फिल्म अभिनेत्री नंदिनी कश्यप को बुधवार को हिट एंड रन मामले में गिरफ्तार किया गया।
दुर्घटना में एक 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। गुवाहाटी पुलिस उपायुक्त (यातायात) जयंत सारथी बोरा ने बताया कि अभिनेत्री को मंगलवार को हिरासत में लिए जाने के बाद देर रात करीब 1.30 बजे गिरफ्तार किया गया। हमने उन्हें अदालत में पेश किया और पांच दिनों की रिमांड मांगी। अदालत के आदेश का इंतजार कर रहे हैं।
बोरा ने बताया कि दुर्घटना शुक्रवार तड़के दक्खिनगांव इलाके में हुई, जब कथित तौर पर अभिनेत्री द्वारा चलाई जा रही एक एसयूवी से एक दोपहिया वाहन को टक्कर लग गई। दोपहिया चालक समीउल हक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें गुवाहाटी मेडिकल कालेज एवं अस्पताल ले जाया गया।
वहां से अपोलो अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, उनकी मृत्यु हो गई। डीसीपी ने कहा कि प्रारंभिक एफआइआर में अभिनेत्री का नाम नहीं था। पहले की धाराएं जमानती थीं। हालांकि, पीड़ित की मौत के बाद गैर-जमानती धाराएं जोड़ दीं और गिरफ्तार कर लिया।