Sunil Gavaskar का दिलचस्प अंदाज : पत्नी का फोन आया तो रुक गया भाषण, हंसा दिया पूरा हॉल
Jun 6, 2026, 15:53 IST
RNE Mumbai.
क्रिकेट मैदान पर अपने रिकॉर्डों और कमेंट्री बॉक्स में बेबाक टिप्पणियों के लिए मशहूर पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने इस बार अपने सहज और हास्यपूर्ण अंदाज से लोगों का दिल जीत लिया। मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भाषण देते समय अचानक उनकी पत्नी का फोन आ गया। इसके बाद गावस्कर ने जो प्रतिक्रिया दी, उससे पूरा सभागार ठहाकों से गूंज उठा।
यह रोचक वाकया मुंबई के जुहू तारा रोड स्थित रोटरी सर्विस सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम का है, जहां सुनील गावस्कर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। मंच से संबोधन के दौरान अचानक उनका मोबाइल फोन बज उठा। कॉलर का नाम देखते ही उन्होंने मुस्कुराते हुए श्रोताओं से क्षमा मांगी और कहा, "यह निश्चित रूप से मेरी पत्नी का फोन होगा। मुझे यह कॉल उठाने दीजिए, शायद मुझे याद दिलाने के लिए कि मुझे बहुत ज्यादा नहीं बोलना चाहिए।"
गावस्कर के इतना कहते ही सभागार तालियों और हंसी से गूंज उठा। कार्यक्रम में मौजूद लोग उनकी हाजिरजवाबी और सहजता के कायल हो गए। उन्होंने फोन पर संक्षिप्त बातचीत की और फिर उसी सहज अंदाज में अपना संबोधन जारी रखा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसे लाखों लोग देख चुके हैं।
क्रिकेट जगत में 'लिटिल मास्टर' के नाम से पहचान रखने वाले सुनील गावस्कर अक्सर अपनी स्पष्ट राय और विनोदी शैली के लिए चर्चा में रहते हैं। हालांकि इस बार क्रिकेट नहीं, बल्कि पत्नी के फोन पर उनकी चुटीली टिप्पणी ने लोगों का ध्यान खींचा। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसे "हर पति की सच्चाई" बताते हुए मजेदार प्रतिक्रियाएं दी हैं।

