Skip to main content

DELHI : अलीपुर के दयाल मार्केट में लगातार 3:30 घंटे तक धधकती रही आग

आरएनई,नेशनल ब्युरो।

एक पेंट फैक्ट्री में लगी भीषण आग में 11 लोग जिंदा जल गए। कुछ ही देर में सबकुछ जलकर भस्म हो गया। जानकारी के अनुसार दिल्ली के अलीपुर में दयाल मार्केट में मौजूद एक पेंट फैक्ट्री में गुरुवार को आग लग गई। देर रात तक हादसे में 7 लोगों के मारे जाने की खबर थी। शुक्रवार सुबह 8 मृतकों की संख्या 11 हो गई। 4 लोग घायल हैं, जिन्हें राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फायर ब्रिगेड की 22 गाड़ियां मौके पर

आग लगने की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की 22 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। घटना शाम करीब 5:30 बजे की है। रात 9 बजे आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री में धमाके के बाद आग लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं, आसपास के कुछ घरों को भी नुकसान पहुंचा। अधिकारियों का मानना है कि फैक्ट्री में रखे केमिकल की वजह से ब्लास्ट हुआ।

तीन रास्तों से आग बुझाने की कोशिश की

घटनास्थल पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी सुमित भारद्वाज ने बताया- घटना गुरुवार शाम करीब 5.30 बजे की है। जैसे ही धमाका हुआ तो लोग बाहर इकट्ठा हुए। हमने बाल्टी से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। फिर फायर ब्रिगेड को कॉल किया। लेकिन आग नहीं बुझ रही थी। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने तीन रास्तों से आग बुझाने की कोशिश की। फैक्ट्री करीब 8-10 साल पुरानी है।

हादसे के बाद घटनास्थल पहुंचे सुनील ठाकुर ने रोते हुए बताया, मेरा भाई भी पेंट फैक्ट्री में काम करता था। उसका नाम अनिल ठाकुर है। उसका कुछ पता नहीं चल रहा। शाम 5 बजे से फोन भी स्विच ऑफ आ रहा है। कोई कुछ भी बताने को तैयार नहीं है।