Skip to main content

हैप्पी होली: बीकानेर में होलिका दहन मुहूर्त 11ः28 बजे बाद, कल उड़ेगी गुलाल

RNE Bikaner.

पूरे साल जिस मस्ती के त्योहार होली का बेसब्री से इंतजार होता है वह आ चुका है। खासतौर पर हर हाल में मस्ती में जीने वाले बीकानेरशहरवासी पिछले सात दिनों से होली के रंग में डूबे हैं। गुरुवार सुबह शुभ मुहूर्त के साथ घर-घर माळा घुळाई चल रही है। अब रात को होलिका दहन के साथ ही रंगों की बहार और पानी की बौछार शुरू हो जाएगी। इससे पहले होलिका दहन शुभ मुहूर्त में किया जाएगा।ज्योतिषाचार्य पंडित जितेन्द्र आचार्य बताते हैं कि इस बार होलिका दहन का महूर्त गुरुवार रात 11ः28 बजे बाद है। ऐसे मंे रात को 11ः28 बजे होलिका दहन का आगाज किया जा सकता है। वे कहते हैं शुभ मुहूर्त में होलिका दहन करने से कष्टों का निवारण होता है। सद्बुधि, संपत्ति, सुख, शांति की प्राप्ति होती है। इसी तरह किसी अनुष्ठान, उत्सव आदि का गलत मुहूर्त में शुभारंभ किया जाए तो शुभ फल प्राप्ति नहीं होती। इससे विपरीत प्रभाव भी देखने को मिल सकते हैं।होलिका दहन हेतु मुहुर्त शोधन के नियमानुसार होलिका दहन फाल्गुन शुक्ल पूर्णिमा तिथि के पूर्वार्द्ध को छोड़कर उत्तरार्ध्द में यानी भद्रा रहित प्रदोष काल की पूर्णिमा में किया जाना सर्वश्रेष्ठ माना जाता है, 13 मार्च,2025 गुरुवार को पूर्णिमा प्रातः 10:35 बजे प्रारंभ होकर 14 मार्च को दिन में 12:23 बजे तक है 13 मार्च को रात्रि 11:26 तक पूर्णिमा का पूर्वार्द्ध यानि भद्राकाल है| यदि प्रदोष काल भद्रा रहित न मिले तो भद्रा के पश्चात मध्य रात्रि से पूर्व होलिका दहन किया जाना शुभ होता है। इसके अनुसार बीकानेर (राजस्थान) के लिए 13 मार्च, 2025 की रात्रि 11:28 से 12:46 तक होलिका दहन मुहूर्त है।